आशा बहुओं ने शनिवार को जिला मुख्यालय से तहसील चौपले तक जुलूस निकालकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान आशाओं ने वरिष्ठ बसपा नेता और पूर्व एमएलसी का घेराव किया। सरकार बनने के बाद समस्याओं के समाधान का आश्वासन मिलने पर आशाएं शांत हुईं।
नौ सितंबर से आशाएं हड़ताल पर हैं। शनिवार को भी आशाएं कलक्ट्रेट पहुंची, लेकिन यहां किसी अधिकारी के न मिलने पर गढ़ रोड पहुंच गईं और जुलूस निकाला। इस दौरान आशाओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
आशाओं ने बताया कि हड़ताल के दौरान वह टीकाकरण और दूसरे कार्यों में किसी भी प्रकार से सहयोग नहीं कर रही हैं। जब तक उनकी मांगों को पूरा नहीं किया जाएगा, वह हड़ताल जारी रखेंगी।
जुलूस के दौरान आशाओं ने पीछे से आ रही बसपा नेता प्रशांत चौधरी की कार को घेर लिया। आशाओं ने करीब 10 मिनट तक उन्हें रोककर अपनी समस्याएं बताईं। प्रशांत चौधरी ने बसपा की सरकार बनने पर समाधान का आश्वासन दिया।
जुलूस में शामिल होने वालों में ज्योति, प्रीति, रेनू, सुनीता, गीता, विमला, स्वेता, राजेंद्री, रीनू, बबीता, उषा, शशि, मुकेश, रीना, कविता, विमलेश, सुल्ताना, पूनम लता,उषा, योगेश, महरूनिशा, मंजू शर्मा, ओमबती, गीता, कमलादेवी आदि रहीं।