हापुड़। थाना देहात क्षेत्र के अंतर्गत गढ़ रोड स्थित मोहल्ला साकेत के सामने फ्लाईओवर के पास स्कूटी व बाइक की भिड़ंत हो गई। इसके बाद स्कूटी सवार दो युवकों ने बाइक सवार युवकों पर रुपये से भरा थैला लूटने का आरोप लगाया। पुलिस जांच में मामला फर्जी निकला।
मिनाक्षी रोड निवासी धीरज पाटिया मंडी स्थित लक्ष्मण मैदा वाले के यहां कलेक्शन का काम करता है। सोमवार की दोपहर बाद वह स्कूटी से अपने साथी विक्की के साथ गढ़ रोड पर कलेक्शन करने गया था। वापस लौटते वक्त गढ़ रोड स्थित मोहल्ला साकेत के सामने फ्लाईओवर के पास गलत दिशा से आ रही बाइक ने उसकी स्कूटी में टक्कर मार दी। आरोप है कि बाइक सवार युवकों ने विक्की के हाथों से रुपये से भरा बैग छीन लिया और फरार हो गए। लूट की सूचना पर पुलिस अधिकारियों के होश उड़ गए। पुलिस ने पूरे मामले की जांच कराते हुए युवकों से पूछताछ की। तीन घंटे तक पुलिस दौड़ती रही, जिसके बाद मामला फर्जी निकला।
कोट -
स्कूटी और बाइकों की भिड़ंत हुई थी, जिसमें स्कूटी क्षतिग्रस्त हो गई थी। जिसके बाद स्कूटी सवारों ने लूट की झूठी कहानी बनाई थी। जिसके आधार पर पुलिस कार्रवाई करेगी।-वरुण मिश्रा, सीओ।