बिजली निगम के अफसरों की लापरवाही के चलते एक सप्ताह से सरावनी गांव के लोग अंधेरे में रात गुजारने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने शुक्रवार को लाइनमैन पर रिश्वत मांगने का आरोप लगाकर प्रदर्शन भी किया। साथ ही चेतावनी दी है कि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन करेंगे।
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि गांव में लगा ट्रांसफार्मर ओवरलोड चल रहा है। आए दिन इसकी लीड फुंकने से गांव की बिजली गुल हो जाती है। बीते दिनों शिकायत करने के बाद निगम कर्मियों ने जुगाड़ के सहारे लीड को ट्रांसफार्मर से जोड़ दिया था। लेकिन एक सप्ताह पूर्व उक्त लीड फुंक गई।
इसके चलते एक सप्ताह से सैकड़ों घरों में अब तक बिजली आपूर्ति नहंी हो रही है। भीषण गर्मी में लोगों को परेशान होना पड़ रहा है। कई बार अफसरों से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन समस्या के समाधान के बजाय लाइनमैन रिश्वत मांग रहा है।
इसके विरोध में ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर, जल्द राहत नहीं मिलने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। प्रदर्शन करने वालों में अब्दुल गफ्फार, निजामुद्दीन, मौलाना इकराम, इस्कार, अंकित, नानक, रहमत, सलीम, नसरुद्दीन आदि मौजूद रहे।
उधर, एसडीओ प्रवीण कुमार का कहना है कि इस मामले की उन्हें जानकारी नहीं है। ग्रामीणों को परेशान नहीं होने दिया जाएगा। उनकी समस्या का हर संभव निस्तारण कराया जाएगा।