एसएसवी कॉलेज में खिलाडी का हुआ स्वागत। स्रोत संस्थान
हापुड़। चीन के हाइनान में आयोजित एशियन सब-जूनियर, जूनियर क्लासिक पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता और यूनिवर्सिटी कप में शहर निवासी संदीप बंसल ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए चार स्वर्ण पदक जीतकर जिले का मान बढ़ाया है। शहर लौटने पर उनका जोरदार स्वागत किया गया।
चीन में नौ से 15 मई तक आयोजित हुई एशियाई पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में शहर निवासी संदीप बंसल ने भारत की तरफ से भाग लिया था। प्रतियोगिता की स्क्वायट (बैठक) में 285 किलोग्राम उठाकर स्वर्ण पदक, बेंच प्रेस में 190 किलोग्राम उठाकर में स्वर्ण और डेडलिफ्ट में 260 किलोग्राम वजन उठाया। इस प्रतियोगिता में भी उन्हें स्वर्ण पदक मिला।
तीन चरणों में आयोजित प्रतियोगिता में उन्होंने कुल 735 किलोग्राम वजन उठाकर प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया। मंगलवार को दिल्ली रोड स्थित एसएसवी पीजी कॉलेज में संदीप बंसल का स्वागत कर सम्मान किया गया। इसके बाद कॉलेज परिसर से शहर के मेरठ रोड तक जुलूस निकालकर संदीप का स्वागत किया गया। इस मौके पर कॉलेज प्राचार्य प्रोफेसर नवीन चंद्र सिंह, खेल अधिकारी डॉ सुदर्शन त्यागी, सचिन कुमार आदि मौजूद रहे।