होली के नजदीक आते ही खाद्य सुरक्षा विभाग ने छापेमार कार्रवाई तेज कर दी है। बृहस्पतिवार को एसडीएम की मौजूदगी में टीम ने पुराना बाजार में छापामार कर मिठाइयों के चार नमूने लिए। कार्रवाई के डर से अन्य दुकानदार दुकानें बंद कर भाग निकले।
होली के मद्देनजर डीएम ने मिलावटी खाद्य पदार्थों की सैंपलिंग के आदेश हैं। इसी क्रम में बृहस्पतिवार को एसडीएम मीनू राणा के नेतृत्व में टीम ने पुराना बाजार स्थित एक मिठाई की दुकान पर छापा मारा। टीम ने यहां से लड्डू, छेना टोस्ट, बंगाली छेना व खोया के नमूने लिए।
टीम की कार्रवाई से बाजार में अधिकतर दुकानें बंद हो गईं। बरसात के कारण टीम केवल एक ही स्थान से नमूने लेकर लौट गई। एसडीएम मीनू राणा ने बताया कि आगे और तेजी से कार्रवाई की जाएगी। मिलावटखोरों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
तहसील प्रशासन और खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम द्वारा मिलावटी सामान की बिक्री को रोक के लिए चलाए जा रहे छापामारी अभियान के डर से बृहस्पतिवार को क्षेत्र की अधिकांश हलवाइयों और किराना की दुकाने बंद रहीं। दुकानों के बंद होने के चलते लोगों को घरेलू सामान नहीं मिल सकीं।
बता दें कि, बुधवार को तहसील प्रशासन और खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने छापामार कार्रवाई कर कई दुकानों समेत डेयरियों से नमूने लेकर जांच को भेजे थे। जिसकी भनक लगते ही दोपहर बाद अधिकांश दुकानें बंद हो गई थीं।
गढ़-ब्रजघाट, सिंभावली, बक्सर, डेहरा कुटी, बहादुरगढ़ में बृहस्पतिवार की सुबह को रोजमर्रा की तरह बाजार खुले, लेकिन दोपहर करीब 12 बजे छापामारी की अफवाह फैल गई। कुछ ही देर में हलवाइयों समेत किराना की अधिकांश दुकानें में बंद हो गईं।
वहीं, एसडीएम आरएन पांडेय और खाद्य सुरक्षा अधिकारी एसपी सिंह का कहना है कि सैंपल गलत मिलने पर दुकानदारों पर कार्रवाई की जाएगी। जो दुकानदार सही सामान बेचते हैं उन्हें डरने की जरुरत नहीं है। साथ ही छापामार अभियान जारी रहेगा।