संवाद न्यूज एजेंसी
हापुड़। डाक विभाग की सेवाओं को लेकर लगातार मिल रही शिकायतों के मद्देनजर अब विभाग ने आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए नई पहल की शुरू की है। विभागीय अधिकारियों ने पुलिस थानों और तहसीलों की तर्ज पर अब डाकघरों में भी समस्या समाधान दिवस आयोजित करने का निर्णय लिया है।
डाक सेवा समाधान दिवस हर माह के पहले और तीसरे शुक्रवार को आयोजित किया जाएगा। इस दौरान डाक विभाग के अधिकारी लोगों की शिकायतों की सुनवाई करेंगे और संभव हो तो मौके पर ही निस्तारण करेंगे। यह समाधान दिवस प्रत्येक माह में दो बार प्रधान डाकघर परिसर में आयोजित किया जाएगा। इसका उद्देश्य लोगों को डाकघरों से संबंधित परेशानियों से राहत दिलाना और डाक सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार लाना है।
प्रधान डाकघर के पोस्ट मास्टर श्रवण कुमार ने बताया कि समस्या समाधान दिवस में डाक घर के समय पर न खुलने या बंद रहने की शिकायतें, स्पीड पोस्ट, रजिस्टर्ड पत्र या पार्सल समय पर न मिलने जैसी समस्याएं सुनी जाएंगी। इसके अलावा आधार कार्ड बनवाने में आने वाली परेशानियां, डाकघर खातों से जुड़ी तकनीकी या प्रबंधन संबंधी दिक्कतें, डाक विभाग की योजनाओं का लाभ न मिलने की शिकायतें और विभागीय भ्रष्टाचार से जुड़ी शिकायतें भी दर्ज की जा सकेंगी। कुछ जिलों में इसकी शुरूआत हो चुकी है, जिले में भी जल्द शिकायतें सुनी जाएंगी।