भाकियू युवा विंग के जिलाध्यक्ष ज्ञानेश्वर त्यागी के नेतृत्व में दोपहर करीब 12 बजे से यात्रा ततारपुर गोल चक्कर से शुरू हुई। यात्रा में बड़ी संख्या में ट्रैक्टर थे। इन ट्रैक्टरों पर किसान और भाकियू के कार्यकर्ता थे, जो देशभक्ति का संगीत चलाते हुए आगे बढ़ रहे थे। जहां से भी रैली निकलती गई, वहां पर जाम लगता चला गया। दोपहर करीब एक बजे यात्रा तहसील चौराहे पर पहुंची। जहां किसानों को एसडीएम सदर को एक ज्ञापन सौंपना था।
ज्ञानेश्वर त्यागी ने बताया कि एक सप्ताह पहले एलआईयू के माध्यम से सूचना दी गई थी कि किसान मांगों को लेकर एक ज्ञापन एसडीएम सदर को सौंपेंगे, लेकिन वह किसानों के बीच में नहीं आई। इस पर अन्नदाताओं में आक्रोश फैल गया और किसान तहसील चौपले पर ही धरने पर बैठ गए। किसानों का आरोप था कि धरने के दौरान सीओ जितेंद्र शर्मा ने उनसे अभद्रता की। इससे किसानों में आक्रोश और बढ़ गया।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मुनीष प्रताप सिंह और देहात थाना प्रभारी विजय गुप्ता ने किसानों को उठाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माने। इस पर किसानों की पुलिस कर्मियों से नोकझोंक हुई। पुलिसकर्मियों के बार-बार कहने पर किसान माने और नायब तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा, लेकिन एसडीएम सदर के कार्यालय पर पहुंचकर धरना शुरू कर दिया। शाम तक भी एसडीएम सदर ईला प्रकाश और सीओ जितेंद्र शर्मा के स्थानांतरण की मांग को लेकर किसान धरने पर बैठे रहे।