हापुड़। शिक्षा का अधिकार अधिनियम (आरटीई) के तहत शुक्रवार को तीसरे चरण की लॉटरी अवकाश के चलते नहीं निकाली जा सकी। अब शनिवार को (आज) लॉटरी खुलेगी। इसमें आवेदन करने वाले 2202 छात्रों की किस्मत का फैसला होगा।
आरटीई के तीसरे चरण की प्रक्रिया 12 मार्च से 25 मार्च तक आयोजित कराई गई थी। इसमें 2202 छात्रों ने आवेदन किए। शुक्रवार को लॉटरी के जरिये छात्रों का चयन कर उन्हें स्कूल आवंटित किए जाने थे लेकिन अवकाश के चलते शुक्रवार को यह कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया।
अब शनिवार को लॉटरी निकाली जाएगी। इसमें चयनित होने वाले छात्रों को अप्रैल के प्रथम सप्ताह में ही ऑफर लेटर देकर निर्धारित स्कूलों में प्रवेश दिलाया जाएगा। समस्त फार्मों का सत्यापन किया जा चुका है।
बीएसए रितु तोमर ने कहा कि अवकाश के चलते शुक्रवार को लॉटरी स्थगित कर दी गई। अब शनिवार को (आज) लॉटरी निकाली जाएगी। छात्रों को स्कूलों का आवंटन होगा।