हापुड़। कांवड़ यात्रा के लिए शुक्रवार को पुलिस प्रशासन ने हाईवे 9 के साथ जिले में रूट डायवर्जन लागू कर दिया। ऐसे में हाईवे पर भारी वाहनों के पहिये थम गए हैं। जबकि, छोटे वाहनों को भी दूसरे रास्तों से निकाला गया। ऐसे में वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। पुलिस ने जिले की सीमा में प्रवेश करने वाले वाले वाहनों को रोकर डायवर्ट किया, वहीं शहर में भी स्थानीय भारी वाहनों को प्रवेश नहीं दिया गया।
शुक्रवार सुबह से ही कांवड़ियों की संख्या काफी बढ़ गई। इसे देखते हुए मेरठ रोड पर साइलो द्वितीय चौकी पर बैरिकेड लगाकर भारी वाहनों को रोक दिया गया। सड़क की एक दिशा कांवड़ियों के लिए आरक्षित कर दी गई, दूसरी दिशा से वाहनों को निकाला गया। मेरठ रोड और बुलंदशहर रोड पर यह व्यवस्था लागू रही। अधिकारियों की मानें तो शनिवार से हापुड़ शहर के अंदर भी वन-वे प्रक्रिया लागू कर दी जाएगी।
जिला यातायात प्रभारी छवि राम ने बताया कि कांवड़ियों के आने की दिशा कोआरक्षित कर दिया गया है। जबकि, दूसरी ओर वाहन चलेंगे। कोई वाहन कांवड़ियों की लेन न पहुंच जाए। इसके लिए मेरठ और बुलंदशहर रोड के सभी कटों को बल्लियां लगाकर बंद कर दिया गया है। इसके साथ सभी मोड़, तिराहे और चौराहों पर पुलिस बल को तैनात किया गया है।
पुलिस ने कांवड़ियों को सड़क पार करवाई
कांवड़ियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए कांवड़ मार्ग पर पुलिस बल तैनात किया गया है। देहात थाना प्रभारी विजय कुमार किठौर मोड़ पर तैनात रहे और कांवड़ियों के जत्थे को पुलिस बल के साथ सकुशल अपने क्षेत्र से निकालते नजर आए। साइलो चौकी और तहसील चौराहे के पास भी पुलिसकर्मियों ने यातायात रोककर कांवड़ियों को निकाला।
मुरादाबाद और बरेली जाने वालों को झेलनी पड़ी परेशानी -
रूट डायवर्जन के कारण गाजियाबा- दिल्ली की तरफ जाने वाले यात्रियों को भले ही किसी परेशानी का सामना न करना पड़ रहा हो, लेकिन अमरोहा, मुरादाबाद और बरेली जाने वाले यात्रियों को खासी परेशानी झेलनी पड़ी। ऐसे यात्री ट्रेन से सफर करते नजर आए। जबकि बस के लिए उन्हें पहले गाजियाबाद लालकुआं तक जाना पड़ा और यहां से मुरादाबाद, बरेली की ओर रवाना हुए।
पुलिस के लिए चार दिन होगी अग्नि परीक्षा
गढ़मुक्तेश्वर। सावन के दूसरे सोमवार और शिवरात्रि को लेकर भगवान आशुतोष का जलाभिषेक करने के लिए शिवभक्तों का गंगानगरी में आगमन तेज हो गया है। इसके लिए पुलिस रूट डायवर्जन को सख्ती से लागू करा रही है। शुक्रवार को सीओ वरुण मिश्रा ने पुलिसकर्मियों के ड्यूटी पाइंट की चेकिंग की। सीओ ने बताया कि शनिवार को (आज) बड़ी संख्या में शिवभक्तों के पहुंचने का अनुमान है। शिवभक्तों की सुरक्षा के साथ ही रूट डायवर्जन के तहत भारी वाहनों को दूसरे रास्तों से भेज रहे हैं। रूट डायवर्जन 23 जुलाई तक जारी रहेगा।