पिलखुवा (हापुड़)। नेशनल हाईवे 09 पर 31 जनवरी को 64 लाख रुपये की लूट के मामले में कोतवाली पुलिस ने घटना में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से चार लाख 720 रुपये नकदी और लूट से जुड़ा बैग बरामद किया गया।
गौरतलब है कि 31 जनवरी की दोपहर राजस्थान का गेहूं व्यापारी बैंक से 64 लाख रुपये निकालकर बाइक से जा रहा था। पहले से पीछा कर रहे बदमाशों ने साइड मारकर बाइक रुकवाई। तमंचा दिखाकर नकदी से भरे दोनों बैग लूट लिए और चाबी दूर फेंककर भाग गए। घटना के बाद जिले में हड़कंप मचा। अधिकारियों ने निरीक्षण किया और लापरवाही पर तत्कालीन कोतवाली प्रभारी सहित दो दरोगा निलंबित किए गए।
पुलिस ने 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरे खंगाले। मुठभेड़ के बाद पांच आरोपी पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं। उनके कब्जे से 44 लाख से अधिक नकदी, वाहन, मोबाइल फोन, तमंचा और कारतूस बरामद हुए थे। तीन आरोपी फरार चल रहे थे। जिनके फोटो पुलिस ने बाद में प्रसारित किए थे।
इसी क्रम में कोतवाली पुलिस ने जनपद हापुड़ थाना सिंभावली ग्राम मधापुर निवासी अर्जुन त्यागी को मोनाड कट के पास से गिरफ्तार किया। वह मुकदमे में वांछित और 25 हजार रुपये का इनामी था। सीओ अनीता चौहान ने बताया कि लूट में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। अन्य को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।