संवाद न्यूज एजेंसी
बाबूगढ़। परिवहन निगम बस सुविधाओं को बढ़ावा देने के लिए लगातार तमाम प्रयास कर रहा है, लेकिन इन प्रयासों के बाद भी लंबे रूट की बसें पुराने हाईवे की जगह नए हाईवे से गुजर रही हैं। जिस कारण बाबूगढ़, कुचेसर चौपला के यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्हें नए हाईवे से बस को पकड़कर अपने गंतव्य जाना पड़ रहा है।
हापुड़ रोडवेज डिपो की लंबी रूटों की बसों का संचालन कौशांबी डिपो से होता है। प्रतिदिन बरेली, मुरादाबाद, शाहजांहपुर, गजरौला समेत विभिन्न स्थानों के लिए प्रतिदिन करीब 50 बसों का संचालन होता है लेकिन, इनमें से अधिकांश बसें अब बाबूगढ़ से न होकर सीधा नए बाईपास से होकर निकल रही हैं।
ऐसे में प्रतिदिन यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। चालक और परिचालकों की मनमानी के चलते बाबूगढ़ में खड़े यात्री लंबे रूट की बसों का इंतजार करते रह जाते हैं और दिल्ली की तरफ से आ रहे बाबूगढ़, कुचेसर चौपला पर उतरने वाले लोगों को भी हाईवे पर भी छोड़ दिया जाता है। जिसके कारण डग्गामार वाहन चालक चांदी काट रहे हैं।
एआरएम रणजीत सिंह ने बताया कि सभी चालकों और परिचालकों को शहर और नगर के अंदर से बसों का संचालन करने के निर्देश दिए गए हैं। अगर चालक और परिचालक मनमानी कर रहे हैं तो उन्हें चेतावनी देकर कार्रवाई की जाएगी।