ब्रजघाट। मुरादाबाद की तरफ जा रही उत्तराखंड डिपो की बस की कार से भीषण टक्कर हो गई, जिससे चालक समेत कार में सवार तीनों लोग घायल हो गए।
दिल्ली से मुरादाबाद जा रही उत्तराखंड डिपो की बस रविवार की दोपहर करीब साढ़े तीन बजे जैसे ही दिल्ली लखनऊ नेशनल हाईवे किनारे स्थित गांव अल्लाबख्शपुर के कट के सामने पहुंची। तो इसी दौरान गांव के सामने अवैध कट से निकल रही कार से टकरा गई। कार के परखच्चे उड़ने के साथ ही चालक समेत उसमें सवार राजा, आकाश और संजय निवासी नंदनगरी दिल्ली घायल हो गए। हादसे के बाद हाईवे की एक दिशा में जाम लग गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घायलों को सीएचसी पहुंचाते हुए बाधित हुए यातायात को सुचारू कराया। सीओ वरुण मिश्रा का कहना है कि घायल पक्ष की ओर से तहरीर आने पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी बस चालक के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
अवैध कट से हो रहे हादसे
गढ़ क्षेत्र के गांव अल्लाबख्शपुर के सामने फ्लाईओवर या अंडर पास की मांग को लेकर ग्रामीण करीब दो साल से धरना प्रदर्शन कर चुके हैं। गांव के सामने बने इस अवैध कट को पार करने के दौरान करीब एक साल के भीतर 15 राहगीरों की मौत हो चुकी है, प्रधान नौरतन प्रजापति का कहना है कि हजारों ग्रामीणों को गांव से बाहर आने जाने के दौरान जान हथेली पर रखकर अवैध कट से आवागमन करना मजबूरी बनी हुई है, इसके चलते आए दिन छोटे बड़े हादसे होते रहते हैं। एसडीएम अंकित कुमार वर्मा का कहना है कि गांव के सामने अंडर पास या फ्लाई ओवर बनवाने के लिए प्रस्ताव भेजा हुआ है।