हापुड़। जिले में करीब 92 करोड़ की लागत से सड़क बिछाने का कार्य इसी सप्ताह शुरू हो जाएगा। इसमें चौड़ीकरण से लेकर मिनी बाईपास बनाने तक के काम शामिल हैं। भोजपुर से पिलखुवा, धौलाना तक जाने वाले 11 किलोमीटर लंबे मार्ग के चौड़ीकरण के लिए भी शासन से धन मिल गया है। इसी के साथ अन्य कार्य भी तेजी से पूरे कराए जाएंगे।
पीडब्ल्यूडी ने जिलेभर में सड़कों के जीर्णोद्धार से लेकर नवनिर्माण के प्रस्ताव शासन को भेजे थे। प्रस्तावों को हरी झंडी मिनैेके बाद अब अनुबंध समेत तमाम कागजी कार्रवाई पूरी कर ली गई है।
दरअसल, सबसे बड़ा कार्य भोजपुर से पिलखुवा होते हुए धौलाना को जोड़ने वाले मार्ग का चौड़ीकरण है। वर्तमान में इस मार्ग की चौड़ाई महज सात मीटर है, जिसे बढ़ाकर 10 मीटर किया जाना है। इस कार्य में करीब 39.50 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इस मार्ग से मोदीनगर से आने वाले वाहन आसानी से पिलखुवा तक पहुंच सकेंगे। साथ ही आस पास के ग्रामीणों का आवागमन भी काफी सुगम होगा।
यह कार्य इसी सप्ताह शुरू होगा, भूमि पूजन के साथ चौड़ीकरण का कार्य शुरू किया जाएगा। इसकी तमाम तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इसके अलावा पांच अन्य बड़े मार्गों पर भी निर्माण कार्य अगले सप्ताह शुरू होगा। इन मार्गों को लेकर भी कागजी कार्रवाई पूरी कर ली गई हैं।
-इन मार्गों का होगा निर्माण-
* 39.50 करोड़ से भोजपुर, पिलखुवा, धौलाना मार्ग का चौड़ीकरण।
* 15 करोड़ की लागत से पिलखुवा फगौता मार्ग का चौड़ीकरण।
*11 करोड़ से गढ़, अब्दुल्लपुर, भगवंतपुर मार्ग का चौड़ीकरण।
*21.39 करोड़ से हापुड़ भटैल मार्ग का निर्माण।
*5 करोड़ से जरौठी रोड का चौड़ीकरण।
कोट -
जिले में सड़कों के चौड़ीकरण की तमाम प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। अगले सप्ताह से काम शुरू होंगे। खराब मौसम के चलते कार्य शुरू नहीं हो सके थे - शैलेंद्र सिंह, अधिशासी अभियंता, पीडब्ल्यूडी।