हापुड़। हापुड़-पिलखुवा विकास प्राधिकरण गांव सबली और अच्छेजा में सड़कों और नालियों का निर्माण कराएगा। मुख्य मार्गों के निर्माण पर करीब 1.30 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इससे इन मार्गों से गुजरने वाले हजारों लोगों को लाभ मिलेगा।
प्राधिकरण द्वारा संबंधित निर्माण कार्यों के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू की है। प्रक्रिया के तहत 30 अक्तूबर, छह और 13 नवंबर को टेंडर खोले जाएंगे। प्राधिकरण द्वारा गांव सबली में 50 लाख रुपये से संजीव शर्मा के मकान से सुरेश कश्यप के मकान तक सीसी सड़क व नाली निर्माण, ग्राम अच्छेजा में 33.27 लाख से हाईवे 9 से रामनिवास त्यागी के निवास तक सड़क व नाली निर्माण, 33.27 लाख से ग्राम अच्छेजा में हाईवे 9 से राजेश्वर त्यागी के निवास तक सड़क व नाली का निर्माण और आनंद विहार आवासीय योजना के ब्लॉक-ए में बाउंड्रीवाल व प्लॉट नंबर-303 से 307 तक आंतरिक विकास कार्य कराए जाएंगे। मामले में प्राधिकरण के सचिव अमित कुमार का कहना है कि संबंधित कार्यों के लिए टेंडर प्रक्रिया चल रही है। प्रक्रिया पूरी होते ही नवंबर माह में निर्माण कार्य शुरू करा दिए जाएंगे।
रोशन होंगे आंतरिक मार्ग
प्राधिकरण द्वारा आनंद विहार, प्रीत विहार आवासीय योजना के आंतरिक मार्गों को एलईडी लाइट लगाकर रोशन किया जाएगा। 45-45 वॉट की एलईडी लाइट पर 7.17 लाख रुपये खर्च होंगे।