संवाद न्यूज एजेंसी
हापुड़। रालोद कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय पर ज्ञापन सौंपकर, फसलों का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) का कानून बनाए जाने की मांग उठाई। साथ ही आलू खरीद के केंद्र और फसलों का मुनासिब दाम दिलाने की मांग रखी।
रालोद के जिलाध्यक्ष चौधरी रविंद्र प्रधान ने कहा कि जिले में आलू का बड़े पैमाने पर उत्पादन होता है। लेकिन किसानों को इसका मूल्य सही नहीं मिल पा रहा है, आलम यह है कि किसानों को फसल से लागत निकाल पाना भी मुश्किल हो रहा है। किसानों की आमदनी घटती जा रही है।
क्षेत्रीय प्रभारी हेमंत मिश्रा ने कहा कि गन्ने पर लागत बढ़ रही है, बीमारियां फैल रही हैं। लेकिन सरकार दामों में इजाफा नहीं करती, इस बार गन्ने का मूल्य 400 रुपये क्विंटल घोषित किया जाना चाहिए। आलू, धान समेत समस्त कृषि उत्पादों का लाभकारी मूल्य घोषित किया जाना चाहिए।
धान की फसल पानी के अभाव में सूखी है, इसका सर्वे कराकर किसानों को राहत दिलाई जानी चाहिए। किसानों को निशुल्क बिजली मुहैया नहीं कराई जा रही है, जबकि बजट में घोषणा की गई थी।
ज्ञापन सौंपने वालों में शिवकुमार चौधरी, प्रोफेसर अब्बास अली, शकील फारूकी, शाहिद राणा, ओमपाल सिंह सिरोही, वीरेंद्र सिंह, बिजेंद्र सिंह, बिट्टू सिंह, संजय, खालिद, अनिल गुप्ता, युसूफ, सतेंद्र सिंह, रामपाल सिंह मौजूद रहे।