हापुड़। गरीब परिवारों के बच्चों को शिक्षा के अधिकार के तहत निजी स्कूलों में प्रवेश दिलाने के लिए तीसरे चरण की आवेदन प्रक्रिया पूर्ण हो गई है, अब 24 फरवरी को लॉटरी निकाली जाएगी। इसमें चयनित बच्चों को स्कूल आवंटित किए जाएंगे।
अगला शैक्षिक सत्र शुरू होने से पहले बच्चों को स्कूल आवंटित किए जा सके, इसके लिए इस बार दिसंबर से ही आवेदन और लॉटरी की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। दिसंबर और जनवरी में दो चरणों की प्रक्रिया पूरी होने के बाद फरवरी में तीसरे चरण की प्रक्रिया के तहत एक तारीख से आवेदन शुरू हुए थे, आवेदन ऑनलाइन 19 फरवरी तक किए गए।
आवेदन पत्रों की जांच बीएसए स्तर से कराई जा रही है। अब 24 फरवरी को लॉटरी निकाली जाएगी, इसमें चयनित होने वाले बच्चों को कान्वेंट स्कूलों में प्रवेश मिलेंगे। चौथा चरण एक मार्च से शुरू होगा, जिसमें वंचित बच्चों को प्रवेश मिलेेंगे। छात्राओं का अप्रैल माह से शुरू होने वाले नए शिक्षण सत्र से पहले आवंटित स्कूलों में प्रवेश कराया जाएगा।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रितु तोमर ने बताया कि 24 फरवरी को लॉटरी निकालकर, तीसरे चरण में आवेदन करने वाले छात्रों का चयन होगा। समय से छात्रों को विद्यालयों में प्रवेश दिलाया जाएगा।