हापुड़ में थाना देहात क्षेत्र के गढ़ रोड स्थित मोहल्ला गिरधारीनगर में व्याप्त जलभराव की समस्या से त्रस्त मोहल्लेवासियों ने सड़क पर जाम लगा दिया। इस दौरान सड़क के दोनों ओर लंबा जाम लग गया।
हापुड़ में थाना देहात क्षेत्र के गढ़ रोड स्थित मोहल्ला गिरधारीनगर में व्याप्त जलभराव की समस्या से त्रस्त मोहल्लेवासियों ने सड़क पर जाम लगा दिया। इस दौरान सड़क के दोनों ओर लंबा जाम लग गया। जाम लगाने की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मोहल्लेवासियों को समझा बुझाकर जाम खुलवाया। जाम लगने से लोगों को काफी परेशानी भी झेलनी पड़ी थी।
विज्ञापन
मोहल्ला गिरधारीनगर के बाहर सड़क पर आए दिन जलभराव की स्थिति रहती है। नाले का पानी मोहल्ले में लोगों के घरों तक में चला जाता है। शनिवार की देर रात हुई बारिश से यहां स्थिति और गंभीर बन गई। इससे मोहल्लेवासी काफी परेशान हो गए। रविवार की सुबह जलभराव की समस्या से त्रस्त मोहल्लेवासियों ने सड़क पर जाम लगा दिया।
मोहल्ले के ही सामने एक गोदाम से मोहल्लेवासी बांस की बल्लियां उठाकर ले आए और सड़कों के दोनों ओर लगा दी। इससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई। इस दौरान फॉरेंसिक टीम की कार भी जाम में फंस गई। जाम लगने से लोगों को काफी परेशानी भी झेलनी पड़ी। जाम लगाने की सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मोहल्लेवासियों को शांत कराया। इसके बाद मोहल्लेवासियों ने जाम खोला।