कोतवाली क्षेत्र के गांव दौताई और सौगड़ के जंगल में बुधवार देर रात कई पशुओं के अवशेष मिलने से ग्रामीणों में बेचैनी का माहौल बन गया। ग्रामीणों का आरोप है कि अज्ञात लोगों ने एक खेत में पशुओं को काटकर गोकशी की घटना को अंजाम दिया और उनके अवशेष जंगल में फेंक दिए। घटना की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
विज्ञापन
ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे हिंदू संगठन और गौ रक्षा दल के कार्यकर्ताओं ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। कार्यकर्ताओं ने पुलिस से मामले की गंभीरता से जांच कर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। घटना को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है।
वहीं, स्थानीय लोगों ने कोतवाली पुलिस पर मामले में लापरवाही बरतने के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि क्षेत्र में इस तरह की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने के लिए पुलिस को रात में जंगल और सुनसान स्थानों पर गश्त बढ़ानी चाहिए।
विज्ञापन
पुलिस ने घटनास्थल से मिले अवशेषों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पशु अवशेषों की पहचान और घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।