हापुड़। बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के गांव निवासी युवती की 20 फरवरी को बरात आनी थी, लेकिन एक युवक की धमकी के कारण मंगेतर ने बरात लाने से इन्कार कर दिया। इतना ही नहीं आरोपी ने युवती के फोटो भी वायरल कर दिए। इससे उसका रिश्ता टूट गया। पीड़िता ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
युवती ने एसपी से की शिकायत में बताया कि पिता ने एक वर्ष पहले उनका रिश्ता जिला बागपत के गांव निवासी युवक से तय किया था। फोन पर बातचीत होने के बाद वह दोनों मिलने लगे। इस दौरान युवक ने उनके कुछ फोटो भी ले लिए। इसके बाद युवक ने उससे शादी करने से इन्कार करते हुए रिश्ता तोड़ दिया।
इसके बाद पिता ने उसका रिश्ता जिला मेरठ के गांव निवासी युवक से किया था। 20 फरवरी को उनकी बारात आनी थी। आरोप है कि जिला बागपत निवासी युवक ने उनके फोटो मंगेतर को भेजकर शादी करने पर उसे जान से मारने की धमकी दी। आरोपी ने मंगेतर से 50 हजार रुपये की मांग भी की है। अब मंगेतर ने भी शादी करने से इन्कार कर दिया है। आरोपी अब भी उन्हें लगातार जान से मारने की धमकी दे रहा है।
सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच कराई जाएगी। मामले में सत्यता पाए जाने पर दोषी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।