हापुड़। बिजली चोरी के जुर्माना और लंबे समय से बिल जमा न करने पर हापुड़ डिवीजन के 2472 उपभोक्ताओं की आरसी जारी की गई है, इन पर 90 लाख रुपये की देनदारी है। साथ ही 1.62 लाख उपभोक्ताओं को भी ओटीएस तक बिल जमा करने की छूट दी है, इसके बाद कनेक्शन काटने की कार्रवाई होगी।
एक मुश्त समाधान योजना (ओटीएस) के शुरू होने के बाद जिले में उपभोक्ताओं के पंजीकरण कराए जा रहे हैं, जो संतोषजनक नहीं हैं। जबकि योजना में 1.62 लाख उपभोक्ता शामिल किए गए हैं। इन पर निगम का करीब 222 करोड़ रुपये बकाया है।
इसके अलावा 2472 उपभोक्ता ऐसे हैं, जिन पर लंबे समय से जुर्माना चला रहा है। लेकिन अभी तक जुर्माना का पैसा जमा नहीं किया। इन उपभोक्ताओं की आरसी काट दी गई है। जिले में ओटीएस 31 जनवरी तक लागू रहेगा, इन दिनों दूसरा चरण चल रहा है।
बिजलीघरों के अवर अभियंताओं को संबंधित क्षेत्र के बकायेदार उपभोक्ताओं की सूची सौंप दी गई है। महीनेवार लक्ष्य भी दिया जा रहा है, इसकी उच्चस्तरीय समीक्षा की जा रही है। पिछले दिनों गढ़ एक्सईन और उपैड़ा बिजलीघर के जेई को भी राजस्व वसूली में लापरवाही पर निलंबित किया गया है। बहरहाल, अब अफसर ओटीएस में उपभोक्ताओं से बिल जमा करने की अपील कर रहे हैं। इसके बाद बड़े स्तर पर कनेक्शन काटने की कार्रवाई होगी।
-
-ओटीएस के पात्र और बकायेदारी की स्थिति-
डिवीजन उपभोक्ता कुल बकाया
हापुड़ 46411 51 करोड़
पिलखुवा 56871 113 करोड़
गढ़मुक्तेश्वर 80900 62.93 करोड़
-समय से जुर्माना और बिल जमा करें उपभोक्ता-
ओटीएस में उपभोक्ता बिल जमा कर, सरचार्ज माफी का लाभ उठाएं। लंबे समय से बिल जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं पर कार्रवाई की जा रही है। आरसी भी काटी जा रही है।-आरपी वर्मा, अधिशासी अभियंता।
-