फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hapur News: हिस्ट्रीशीटर पर ताबड़तोड़ फायरिंग, चार गोली लगीं

विज्ञापन
विज्ञापन
मोदीनगर। दिल्ली-मेरठ मार्ग पर सीकरी कला स्थित ढाबे के सामने बृहस्पतिवार की रात कार सवार हिस्ट्रीशीटर राहुल चौधरी उर्फ कालू पर कुछ हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हिस्ट्रीशीटर राहुल के जबड़े, गले, सीने और पेट में चार गोलियां लगीं। गोली लगने के बाद हिस्ट्रीशीटर खुद कार चलाकर अस्पताल पहुंचा। पुलिस ने छह नामजद समेत आठ के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
विज्ञापन

मूलरूप से मोदीनगर के गांव बेगमाबाद निवासी राहुल चौधरी उर्फ कालू हिस्ट्रीशीटर बदमाश है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार राहुल चौधरी पर लगभग 18 मुकदमे दर्ज हैं। वर्तमान में राहुल चौधरी पत्नी करिश्मा समेत राजनगर एक्सटेंशन में रहता है। करिश्मा की ओर से दर्ज कराई गई प्राथमिकी के अनुसार विनय वशिष्ठ और अरविंद सैनी कई दिन से राहुल चौधरी को फोन कॉल कर मोदीनगर बुला रहे थे। विनय वशिष्ठ से लेनदेन का विवाद चल रहा है। विनय और अरविंद ने बृहस्पतिवार शाम करीब सात बजे राहुल को फिर कॉल कर मोदीनगर बुलाया।
राहुल चौधरी बृहस्पतिवार रात करीब दस बजे कार से मोदीनगर पहुंच गया और दिल्ली-मेरठ मार्ग पर स्थित स्वागत ढाबे पर उनकी मुलाकात हुई। करीब 15 मिनट रुकने के बाद राहुल चौधरी जैसे ही गाड़ी में बैठकर वहां से चलने लगा। तभी कुछ हमलावरों ने राहुल पर पिस्टल से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। फायरिंग से ढाबे पर भगदड़ मच गई। हमलावर वहां से पैदल ही भाग गए। घायल हिस्ट्रीशीटर वहां से खुद कार चलाकर गाजियाबाद स्थित अस्पताल पहुंचकर भर्ती हो गया। फायरिंग की घटना एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
विज्ञापन

-
चार गोली लगने के बाद तीस किमी खुद चलाई गाड़ी
चार गोली लगने के बाद घायल राहुल चौधरी खुद गाड़ी चलाकर लगभग तीस किमी दूर गाजियाबाद स्थित निजी अस्पताल में भर्ती हुआ। पुलिस के अनुसार उसकी हालत अब खतरे से बाहर है।

सड़क पर सुरक्षा के दावों की भी खुली पोल
घायल हिस्ट्रीशीटर ने मोदीनगर से गाजियाबाद तक का लगभग तीस किमी का सफर तय किया। इस दौरान कई चौराहे और चेक पोस्ट भी आए, जहां पुलिसबल तैनात रहता है। किसी की भी नजर घायल राहुल पर नहीं पड़ी।

होमगार्ड के प्लाटून कमांडर व सगे भाई की हत्या के आरोप
राहुल चौधरी छोटी उम्र से ही हत्या जैसे संगीन अपराध में जेल जा चुका है। जानकारी के अनुसार राहुल वर्ष 2008 में मोदीनगर में होमगार्ड के पद पर तैनात प्लाटून कमांडर की हत्या के मामले में जेल जा चुका है। इसके अलावा साल 2020 में अपने सगे बड़े भाई राजकमल और पारुल की हत्या के मामले में जेल जा चुका है। राजकमल की अक्तूबर 2020 में दशहरे के दिन गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मौत से पहले घायल राजकमल चौधरी ने पुलिस को दिए बयान में राहुल चौधरी पर गोली मारने का आरोप लगाया था। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।
भाई की हत्या के मामले में राहुल चौधरी बरी हो गया था। इसके अलावा राहुल पर मोदीनगर, मुरादनगर व निवाड़ी सहित अन्य कई थानों पर लूट, हत्या व जानलेवा हमला समेत अलग-अलग धाराओं में लगभग 18 मुकदमे दर्ज हैं। मोदीनगर पुलिस ने सितंबर 2025 में जिला पंचायत सदस्य पुत्र व रालोद के जिला उपाध्यक्ष रवि वाल्मीकि से 15 लाख रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में राहुल को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। राहुल लगभग दो महीने पूर्व ही जमानत पर बाहर आया है। बीते दिनों राहुल चौधरी ने सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट कर पुलिस पर एनकाउंटर का षड्यंत्र रचने का आरोप लगाया था।

कोट
हिस्ट्रीशीटर राहुल चौधरी को चार गोली लगी हैं। उसका गाजियाबाद में उपचार चल रहा है। राहुल चौधरी की पत्नी करिश्मा की तहरीर पर जलबीर पंडित, रवि वाल्मीकि निवासी मोदीनगर, पीतम सैनी निवासी सीकरी, विनय वशिष्ठ, अरविंद सैनी, अश्वनी चौहान उर्फ आशू व दो अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस की तीन टीमें आरोपियों की तलाश में लगी हैं।
विज्ञापन

-भास्कर वर्मा, एसीपी मोदीनगर
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें