गढ़मुक्तेश्वर। कोतवाली क्षेत्र के गांव निवासी महिला के साथ दुष्कर्म व पिटाई के मामले में न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
गांव निवासी महिला ने बताया कि उसकी बेटी की शादी फरवरी में जनपद मेरठ निवासी युवक से हुई थी। लेकिन शादी के कुछ ही समय बाद गांव का एक युवक उसकी बेटी को ससुराल से बहका फुसला कर अपने साथ ले गया। उसके परिजनों ने एक माह तक तलाश की और बेटी को खोजकर गांव ले आए। इस संबंध में उसने एसपी कार्यालय में शिकायत की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। अगस्त में वह अपने पति के साथ खेतों पर काम करने के लिए जा रही थी। इसी दौरान आरोपी युवक, उसके भाई व पिता ने उन्हें रास्ते में रोक लिया। जिन्होंने दोनों की पिटाई की। जिसके बाद तमंचे के बल पर एक आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया। लेकिन लोगों को आता देखकर आरोपी भाग निकले। कोतवाली में तहरीर देने के लिए जाने के दौरान आरोपियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर एक बार फिर रास्ते में उन्हें रोका और पिटाई करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस द्वारा कार्रवाई न किए जाने पर उसे न्यायालय में वाद दायर करना पड़ा। सीओ आशुतोष शिवम का कहना है कि न्यायालय के आदेश पर शीशपाल, चमन, संदीप, तिलक और उनके साथी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।