हापुड़ के पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र में ग्राम खेड़ा स्थित एक बंद फैक्टरी के कमरे में राज मिस्त्री का शव मिलने से सनसनी फैल गई।
पुलिस के अनुसार धौलाना रोड स्थित वेमुक इंडिया एलएलपी नामक बंद फैक्टरी के एक कमरे में बिहार के गोपालगंज जामसर निवासी टुकर महतो (42) का शव पड़ा मिला। वह फैक्टरी परिसर में बने कमरे में अकेला रह रहा था और राज मिस्त्री का कार्य करता था। इस समय फैक्टरी में दीवार रिपेयरिंग का कार्य चल रहा था। आसपास मौजूद लोगों ने जब काफी देर तक कोई हलचल नहीं देखी तो कमरे में झांककर देखा, जहां वह मृत अवस्था में पड़ा मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, कमरे की जांच की और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और जरूरी साक्ष्य एकत्र किए। बताया गया है कि संबंधित कंपनी सोलर कोल्ड स्टोरेज बनाने का कार्य करती है, लेकिन वर्तमान में फैक्ट्री बंद चल रही थी। सीओ अनीता चौहान ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट होंगे, सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।