पिलखुवा। कोतवाली क्षेत्र में गांव खेड़ा स्थित एक बंद फैक्टरी के कमरे में राज मिस्त्री का शव मिला। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच की। हालांकि मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
पुलिस के अनुसार धौलाना रोड पर वेमुक इंडिया एलएलपी की एक फैक्टरी है। यह काफी समय से बंद पड़ी हुई है। बिहार के गोपालगंज जामसर निवासी टुकर महतो (42) फैक्टरी परिसर में बने कमरे में अकेले रहते थे और राज मिस्त्री का कार्य करते थे। इस समय फैक्टरी में दीवार रिपेयरिंग का कार्य चल रहा था। इसकी जिम्मेदारी टुकर महतो पर ही थी।
शुक्रवार सुबह आसपास मौजूद लोगों ने जब काफी देर तक कोई हलचल नहीं देखी तो कमरे में झांककर देखा तो टुकर महतो मृत अवस्था में पड़े मिले। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, कमरे की जांच की। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और जरूरी साक्ष्य एकत्र किए। सीओ अनीता चौहान ने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। बीमारी या हार्ट अटैक आदि से मौत की आशंका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।