हापुड़। मौसम में बदलाव के बाद शुक्रवार को हुई बारिश ने ट्रेनों की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया, जिससे संचालन गड़बड़ा गया। सुबह के समय अधिकांश ट्रेनें अपने निर्धारित समय से सात घंटे तक की देरी से चलकर रेलवे स्टेशन आईं, ऐसे में दैनिक रेल यात्रियों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ी और गंतव्य को भी देरी से पहुंचे।
वाराणसी से चलकर नई दिल्ली को जाने वाली काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से सात घंटे, आनंद विहार टर्मिनल से पूर्णिया कोर्ट को जा रही स्पेशल ट्रेन चार घंटे, लालगढ़ जंक्शन से डिब्रूगढ़ को जा रही अवध असम एक्सप्रेस एक घंटा 30 मिनट, मुरादाबाद जंक्शन से गाजियाबाद जंक्शन को जाने वाली मेमू ट्रेन तीन घंटे, बरेली जंक्शन से भुज को जा रही आला हजरत एक्सप्रेस आधा घंटा, प्रयागराज संगम से सहारनपुर को जाने वाली नौचंदी एक्सप्रेस एक घंटा 20 मिनट देरी से रेलवे स्टेशन आई।
मुरादाबाद रेल मंडल के वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक आदित्य गुप्ता का कहना है कि खराब मौसम के कारण ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहा। ट्रेनें पीछे से ही धीमी गति से चलकर रेलवे स्टेशन पहुंची, संचालन में सुधार के प्रयास जारी हैं।