हापुड़। मुरादाबाद-गाजियाबाद रेलवे लाइन पर नक्शे में बदलाव के कारण कनिया, अटूटा और ददायरा रेलवे फाटक पर बनने वाले अंडरपास का निर्माण रुका हुआ था। लेकिन, अब रेलवे मुख्यालय से अंडरपास की संशोधित नक्शे को मंजूरी मिल गई है। जल्द ही इनका निर्माण शुरू होगा। शेष तीन अंडरपास को भी जल्द मंजूरी मिलने की उम्मीद है।
रेलवे लाइन पर बने फाटकों को हटाकर उनके स्थान पर अंडरपास बनाने की कवायद चल रही है। इससे ट्रेनों की रफ्तार को गति मिलेगी और फाटकों पर होने वाले हादसों पर भी अंकुश लगेगा। गढ़ और गाजियाबाद के बीच छह रेलवे फाटकों पर अंडरपास बनाने की प्रक्रिया चल रही है। इसमें जिले में रेलवे फाटक संख्या-65 कनिया, फाटक संख्या-66 अटूटा और फाटक संख्या- 69 ददायरा पर अंडरपास का निर्माण होना है। लेकिन भविष्य में दो अतिरिक्त रेलवे लाइन बिछाने की स्थिति को देखते हुए पिछले तीन माह से अंडरपास के नक्शे में संशोधन की फाइल रेलवे मुख्यालय में अटकी हुई थी। हालांकि, अब निर्माण के लिए नक्शे को मंजूरी मिल गई है। इन रेलवे फाटकों पर जल्द ही अंडरपास का निर्माण शुरू होगा।
कार्य निरीक्षक वीके त्यागी का कहना है कि तीनों रेलवे फाटकों पर अंडरपास का निर्माण करने के लिए संशोधित नक्शे को मंजूरी मिल चुकी है। मौसम साफ रहा तो जल्द ही निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा। शेष तीन अंडरपास निर्माण की संशोधित ड्राइंग को भी जल्द ही स्वीकृति मिलने की उम्मीद है।