गोल मार्केट स्थित एक डेंटल क्लीनिक में चिकित्सक ने दांत निकलवाने पहुंची महिला मरीज को गलत इंजेक्शन लगा दिया। इससे मरीज की हालत बिगड़ गई।
लापरवाह चिकित्सक मरीज को रैफर करने के बजाय इलाज देने में लगे रहे, इससे गुस्साए परिजनों ने क्लीनिक पर जमकर हंगामा किया।
आनन फानन में एंबुलेंस के जरिए मरीज को अन्य अस्पताल में भर्ती कराया गया। हंगामा बढ़ता देख चिकित्सक वहां से भाग निकले।
गोल मार्केट स्थित एक डेंटल क्लीनिक में में गांधीगंज निवासी चेतन की पत्नी डोली अपना दांत निकलवाने पहुंची थी। वहां तैनात डेंटिस्ट चिकित्सक ने मरीज को कोई गलत इंजेक्शन लगा दिया।
इससे मरीज की हालत बिगड़ती चली गई। लेकिन लापरवाह चिकित्सक हाथ से बात निकलने के बावजूद भी मरीज को इलाज देते रहे।
हालत में सुधार नहीं होने पर मरीज के परिजनों ने क्लीनिक पर हंगामा करना शुरू किया तो आनन फानन में मरीज को एंबुलेंस के जरिए गढ़ रोड स्थित एक अन्य निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया गया।
हालांकि हालत ज्यादा खराब होने पर उक्त अस्पताल से भी मरीज को रैफर कर दिया गया। चिकित्सक गलती मानने की बजाय परिजनों से बहस करते रहे।
परिजनों ने चिकित्सक से मरीज का हाल जानने अस्पताल चलने की बात कही तो चिकित्सक ने उन्हें पुलिस से उठवाने की चेतावनी दे डाली।
इससे वहां हंगामा बढ़ गया, यह देख चिकित्सक क्लीनिक का ताला बंद कर भाग निकले। इस संबंध में इंजेक्शन लगाने वाली चिकित्सक से वार्ता का प्रयास किया गया। लेकिन उन्होंने समय न होने की बात कह कोई बात नहीं की।