गढ़मुक्तेश्वर। भाकियू टिकैत कार्यकर्ताओं ने तहसील मुख्यालय पर पांचवे दिन भी धरना-प्रदर्शन जारी रखा। वहीं धरना स्थल पर किसी अधिकारी के न पहुंचने पर गुस्साए किसानों ने जल्द ही जवाब देने की बात कही है।
भाकियू जिलाध्यक्ष दिनेश खेड़ा ने बताया कि पांच दिन से तहसील मुख्यालय पर धरना दिया जा रहा है। पूर्व जो भी ज्ञापन दिए गए हैं, उनका निस्तारण न होने के कारण धरना जारी है। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक अधिकारी किसानों की समस्याओं का समाधान करने में रुचि नहीं ले रहे हैं। जिसके चलते किसानों का कार्यों का कोई निस्तारण नहीं हो पा रहा है। दिनेश खेड़ा ने कहा कि यदि तहसील समेत अन्य विभाग के अधिकारी कोई समाधान नहीं करते हैं, किसी भी अधिकारी को तहसील के दफ्तरों में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। पांच दिन बीत गए हैं, किसानों को अनसुना किया जा रहा है, यदि ये स्थिति रहती है तो जल्द ही अधिकारियों को जवाब दिया जाएगा और किसान बताएंगे देश का अन्नदाता कितना मजबूत है। अधिकारियों के मनमाने ढंग से किसानों में रोष व्याप्त है, जल्द ही आगे की रणनीति तैयार की जा रही है। इस मौके पर आरिफ अली, अमजद खान, प्रदीप चौधरी, भूरे, फराहीम, माजिद, बिल्लू, आसमोम्मद, मनी, योगेश, राजकुमार चौधरी, जय प्रकाश, नौशाद अली, राजा खेड़ा आदि मौजूद रहे।