गढ़मुक्तेश्वर। तहसील परिसर में बृहस्पतिवार को बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने तहसीलदार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। अधिवक्ताओं ने तहसीलदार पर मनमानी और कार्यों में अनावश्यक देरी के आरोप लगाते हुए मुर्दाबाद के नारे लगाए और कामकाज से विरत रहे।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह चौहान की अध्यक्षता में अधिवक्ताओं ने दोपहर के भोजन अवकाश के बाद सामूहिक रूप से कार्य बहिष्कार की घोषणा की। इसके बाद सचिव जितेंद्र यादव के नेतृत्व में अधिवक्ता तहसील परिसर में एकत्र हुए और विरोध प्रदर्शन करते हुए परिसर में घूम-घूमकर नारेबाजी की।
अधिवक्ताओं का आरोप है कि तहसीलदार की कार्यशैली के कारण न केवल उन्हें बल्कि वादकारियों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस मौके पर सुभाष मोरल, हिमांशु त्यागी, सचिन सिंह, हरिशंकर राणा, सतेंद्र सिंह, ओमपाल मावी, बलराज त्यागी, ललित कुमार वर्मा, दिनेश, इंतजार सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।
तहसीलदार राहुल सिंह ने अपने ऊपर लगाए गए सभी आरोपों को निराधार बताया है। उन्होंने कहा कि उनके स्तर से कार्यों को नियमानुसार और समयबद्ध तरीके से निपटाया जाता है। तहसीलदार ने यह भी कहा कि यदि किसी अधिवक्ता को कोई समस्या है, तो वह सीधे आकर अपनी बात रखें, उसका समाधान करने का पूरा प्रयास किया जाएगा।