गढ़मुक्तेश्वर। क्षतिग्रस्त सड़क का निर्माण न होने के साथ ही नालों की सफाई और पथ प्रकाश व्यवस्था सुचारू न होने से नाराज व्यापारियों ने मंगलवार को नगर पालिका कार्यालय में चेयरमैन का घेराव करते हुए जमकर हंगामा किया। खुद को भाजपा का कट्टर समर्थक बताते हुए भविष्य में वोट न देने की चेतावनी भी दी।
गढ़ चौपला की जवाहरगंज मंडी में 90 फीसदी से अधिक आबादी व्यापारी वर्ग से जुड़ी है, लेकिन इसके बाद भी यहां की मुख्य सड़क करीब साढ़े तीन वर्ष से क्षतिग्रस्त पड़ी है। गड्ढों में बारिश का पानी भरने से व्यापारियों व आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जवाहर गंज मंडी से निकल रहे नाले में गंदगी और कूड़े से आबादी के बीच मुख्य रास्ते पर गंदा पानी भर जाता है। संबंधित समस्याओं के निस्तारण के लिए मंगलवार को व्यापार मंडल के अध्यक्ष मूलचंद सिंघल के नेतृत्व में व्यापारी नारेबाजी करते हुए मीरा रेती स्थित नगर पालिका के कार्यालय पहुंच गए। व्यापारियों ने हंगामा करते हुए चेयरमैन राकेश बजरंगी का घेराव किया। मूलचंद सिंघल ने आरोप लगाया कि लगातार दावा करने के बाद भी जवाहरगंज मंडी की जन समस्याओं का कोई निराकरण नहीं हो सका है। यह सीधे तौर पर नगर पालिका परिषद की लापरवाही और अनदेखी का नतीजा है। विशाल सिंघल ने कहा कि मंडी के सामने पुराने दिल्ली रोड के डिवाइडर की पथ प्रकाश व्यवस्था केवल शोपीस बनी हुई है, इससे रात को वारदात होने का डर बना रहता है।
भविष्य में वोट न देने की दी चेतावनी
निखिल अग्रवाल ने कहा की जवाहर गंज मंडी के व्यापारी धान समेत अन्य गल्ले का कारोबार करने के दौरान सरकार को मंडी टैक्स के रूप में प्रतिवर्ष नौ करोड़ से भी अधिक का भुगतान करते हैं, लेकिन इसके बाद भी उन्हें मूलभूत सुविधाओं से वंचित होना पड़ रहा है। युवा व्यापारी नेता विशाल सिंघल ने कहा कि जवाहर गंज मंडी के व्यापारी भाजपा के कट्टर समर्थक हैं, लेकिन इसके बाद भी समस्याओं का निदान नहीं हो रहा है। जर्जर सड़क का निर्माण, नालों की सफाई, स्ट्रीट लाइट व्यवस्था में सुधार के साथ ही नियमित सफाई न होने पर भविष्य में किसी भी चुनाव में मतदान नहीं किया जाएगा। इस दौरान मयूर गर्ग, अरविंद गर्ग, शिवम, ओमप्रकाश सक्सैना, धर्मेंद्र, सतीश शर्मा, हरिशंकर शर्मा, राजू चौहान आदि मौजूद रहे।
चेयरमैन राकेश बजरंगी का कहना है कि जवाहर गंज मंडी की सड़क का निर्माण एचपीडीए से कराया जाना प्रस्तावित है। इसके अलावा पथ प्रकाश व्यवस्था सुचारू कराने के साथ ही नालों की सफाई कराने का भी आश्वासन दिया गया है। व्यापारियों को आश्वस्त करके भेजा गया है।