पिलखुवा। गांव गालंद में शराब की दुकान खुलने के विरोध में बुधवार को ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। उन्होंने जल्द से जल्द दुकान गांव से बाहर शिफ्ट कराने की मांग की। मंगलवार को भी महिलाओं ने हंगामा किया था।
ग्रामीणों का कहना है कि शराब की दुकान गांव की शांति भंग करने के साथ-साथ युवाओं और बच्चों पर बुरा प्रभाव डाल रही हैं। उनकी मांग है कि इन दुकानों को गांव से बाहर और स्कूलों से दूर स्थानांतरित किया जाए। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने कहा शराब से परिवार बर्बाद हो रहे हैं। प्रशासन से कई बार शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। हंगामे के बाद मौके पर पहुंचे अन्य ग्रामीणों के समझाने के बाद महिलाएं वापस लौट गईं। इससे पहले मंगलवार को भी महिलाओं ने हंगामा किया था। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक ठेके को यहां से नहीं हटाया जाता, विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। सीओ अनीता चौहान का कहना है कि इस संबंध में महिलाओं व ठेका संचालक से वार्ता कर समाधान कराया जाएगा।