हापुड़। पूर्व आईपीएस और आजाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर की गिरफ्तारी के विरोध में सोमवार को कार्यकर्ताओं ने कलक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया। इस दौरान गिरफ्तारी के विरोध में मानवाधिकार आयोग को संबोधित ज्ञापन एडीएम मोनिका सिंह को सौंपा।
जिलाध्यक्ष सचिन रावल ने कहा कि एक पूर्व आईपीएस को लखनऊ से दिल्ली जा रही ट्रेन में सोते समय शाहजहांपुर के पास दबिश देकर गिरफ्तार किया गया। यह गिरफ्तारी असामान्य परिस्थितियों में की गई। इसमें न तो कोई पूर्व सूचना दी गई और न ही पारदर्शिता एवं और मानवाधिकारों के मानक प्रावधानों का पालन हुआ। राज्य सरकार बिना किसी कारण से अमिताभ ठाकुर के पीछे पड़ी हुई है और उनकी हत्या करा सकती है। यह गिरफ्तारी राजनीतिक और बदले की भावना से प्रेरित होकर की गई है। इसलिए मामले में मानवाधिकार आयोग को जांच करनी चाहिए। इस दौरान मोहित चौधरी, मनोज कुमार, सोनू, हनी गुर्जर, पुनीत, आकाश बंसल, बबली आदि मौजूद रहे।