हापुड़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक गजराज सिंह ने बुधवार को गांव ततारपुर में बैठक कर ग्रामीणों की समस्या सुनीं। साथ ही ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं का जल्द समाधान होगा।
बैठक में गांव वालों ने विधायक के सामने समस्याओं की झड़ी लगा दी। ग्रामीणों ने जंगल में किसानों की फसल बर्बाद कर रहे दर्जनों सांड को पकड़वाने, गांव के तालाब की सफाई कराने, जर्जर मार्ग पर सीसी रोड का निर्माण करने,
राजीव गांधी विद्युतीकरण योजना के अंतर्गत गांव में दस खंभे, तार लगवाने, बाईपास की ओर खुलने वाले नवीन मंडी के गेट को दो घंटा अधिक खुलवाने व गांव के मुख्य द्वार पर एक नल लगवाने की मांग प्रमुखता से उठाई।
सबकी समस्याएं सुनने के बाद विधायक गजराज सिंह ने आश्वासन देते हुए कहा कि सीसी रोड के निर्माण का प्रस्ताव भेज दिया गया है, जिसका निर्माण जल्द शुरू हो जाएगा।
उन्होंने सांड पकड़वाने के लिए जिलाधिकारी से वार्ता कर जल्द किसानों को राहत दिलाने का आश्वासन दिया। इसके अलावा अन्य समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया।
इस दौरान ओमदत्त चौधरी, अरुण चौधरी, सतेंद्र सिंह, छोटे सिंह, कर्ण सिंह, राजवीर, पवन, राजीव, सुमित कुमार, अरुण प्रधान, फतेह मोहम्मद, बलवीर, सोनू कुमार व ओमवीर आदि मौजूद रहे।