निजी स्कूलों के संचालकों पर डीएम के आदेश भी बेअसर हैं। डीएम ने स्मॉग को देखते हुए दो दिन तक 12वीं तक के सभी स्कूलों को बंद करने के निर्देश दिए थे। बावजूद इसके सोमवार को नगर के कई स्कूल खुले रहे।
डीआईओएस ने इन स्कूलों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही है। पिछले तीन चार दिन से स्मॉग को देखते हुए डीएम ने दो दिन तक 12वीं तक के सभी स्कूलों को बंद करने के आदेश दिए थे,
लेकिन सोमवार को ही निजी स्कूलों के संचालकों ने डीएम के आदेशों को ठेंगा दिखा दिया। सोमवार को रोज की तरह ही स्कूल खुले। नाम नहीं छापने की शर्त पर अभिभावकों ने बताया कि पहले तो निजी स्कूलों के संचालक मनमानी फीस वसूलते हैं।
फिर डीएम के आदेश का पालन भी नहीं करते हैं। इनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। डीआईओएस ने बताया कि जिन स्कूलों के संचालकों ने स्कूलों को खोला है, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
मंगलवार सुबह वह खुद स्कूलों का औचक निरीक्षण करेंगे। जो स्कूल खुला मिलेगा, उसके संचालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।