हापुड़। जिले में आठ साल बाद सर्किल रेट बढ़ाने की तैयारी है। मेरठ में आईजी स्टांप के साथ अधिकारियों की समीक्षा बैठक में हापुड़ समेत मंडल के सभी जिलों में सर्किल रेट बढ़ाने के निर्देश दिए गए थे। इसी सप्ताह विभागीय अधिकारी डीएम से मिलकर बैठक का समय लेंगे।
जिले में सर्किल रेट बढ़ाने को लेकर पहले भी कई बार बैठक हो चुकी है। प्रशासन गंगा एक्सप्रेसवे, औद्योगिक गलियारा, जिला जेल, कचहरी, पुलिस लाइन की भूमि की तलाश में जुटा था। इसी वजह से सर्किल रेट नहीं बढ़ पा रहे थे। अब शासन ने सर्किल रेट बढ़ाने को लेकर स्थिति स्पष्ट कर दी है।
आठ मई को मेरठ में महानिदेशक निबंधन (आईजी स्टांप) समीर वर्मा ने आय की समीक्षा करते हुए हापुड़ समेत सभी जिलों के अधिकारियों को सर्किल रेट के पुनरीक्षण के निर्देश दिए थे। अब हापुड़ में सर्किल रेट 10 से 15 फीसदी तक बढ़ाने की तैयारी शुरू कर दी गई है।
सर्किल रेट से कई गुना पहुंच रहे बाजार रेट
हापुड़ की पॉश कॉलोनियों समेत दिल्ली रोड की आनंद विहार, प्रीत विहार में प्रोपर्टी के रेट सर्किल रेट से कहीं अधिक पहुंच गए हैं। यहां तक की कुछ स्थानों पर बाजार रेट एक लाख रुपये प्रति वर्ग मीटर से भी अधिक हैं, जिनकी खरीद फरोख्त भी चल रही है। इन क्षेत्रों के सर्किल रेट बाजार रेट से तीन से चार गुना तक कम हैं। अब सर्किल रेट बढ़ने के साथ और अधिक तेजी आने की उम्मीद है।
औद्योगिक गलियारों, इन्वेस्टर समिट को लेकर अलग से होगी प्लानिंग
गढ़ और सिंभावली क्षेत्र में इन्वेस्टर समिट को धरातल पर उतारना है। गंगा एक्सप्रेसवे के किनारे औद्योगिक गलियारों के लिए भी भूमि अधिग्रहण किया जा रहा है। ऐसे में इन क्षेत्रों में सर्किल रेट को लेकर महत्वपूर्ण प्लानिंग विभाग कर रहा है। इनमें अधिक बढ़ोतरी की संभावना कम ही है।
सर्किल प्रथम की पॉश कॉलोनियों के वर्तमान रेट
कॉलोनी सर्किल रेट
अशोक कॉलोनी 24000
अलकापुरम 24000
कबाड़ी बाजार 32000
खिडक़ी बाजार 31000
पापड़ वाली गली 28500
पुराना बाजार 28500
सब्जी बाजार 30000
ज्ञान लोक 27500
भोला गंज 25000
न्यू आलोक 25000
आलोक कॉलोनी 30000
-
-सर्किल द्वितीय की पॉश कॉलोनियों के वर्तमान रेट-
कॉलोनी सर्किल रेट
इंद्रलोक कॉलोनी 22000
शिवपुरी 20000
श्रीनगर 20000
कृष्णानगर 10000
केशव विहार 18000
खुर्जा पेच 19000
चंडी मंदिर 15000
त्यागीनगर 20000
देवलोक 15000
नारायण गंज 20000
परमानंद पुरम 22000
पक्का बाग 22000
पटेल नगर 20000
भगवती गंज 22000
रामगंज 20000
रेवती गंज 20000
कृष्णानगर 10000
(नोट: कॉलोनियों के सर्किल रेट हजार रुपये प्रति गज में हैं सर्किल रेट निबंधन कार्यालय से लिया गया है।)
Iमेरठ में आयोजित आय की समीक्षा बैठक में आईजी स्टांप ने सर्किल रेट का पुनरीक्षिण करने के निर्देश दिए थे। इस संबंध में डीएम से वार्ता कर बैठक का समय लिया जाएगा। सर्किल रेट बढ़ाने को लेकर आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। -अरुण शर्मा, एआईजी स्टांप।I