हापुड़।भारत पाकिस्तान के बीच तनाव के माहौल को देखते हुए जम्मू और पंजाब जाने वाली ट्रेनों में आरक्षण कम हो गए हैं। यात्रियों की संख्या घट रही है। ट्रेनों में वेटिंग लिस्ट 15 से 20 के बीच आ चुकी है। पहले से ही टिकट बुक करा चुके यात्री टिकट निरस्त करा रहे हैं। हापुड़ रेलवे स्टेशन पर पिछले दो दिन में 104 आरक्षण निरस्त हुए, जिसके लिए रेलवे ने 50 हजार रुपये से अधिक का रिफंड किया है।
हापुड़ रेलवे स्टेशन से पहले अमृतसर गरीब रथ एक्सप्रेस और उधमपुर जाने वाली साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन के साथ ही दूसरे स्टेशन से मिलने वाली ट्रेनों के लिए यात्री टिकट बुकिंग कराते हैं। लेकिन अब इन ट्रेनों में यात्रियों की संख्या कम हुई है। इनमें आरपीएफ और जीआरपी नियमित रूप से चेकिंग कर रही है।
रेलवे स्टेशन से पिछले दो दिनों में 104 आरक्षण निरस्त हुए हैं। इनमें से अधिकांश आरक्षण जम्मू के लिए थे। इसके अलावा अन्य शहरों के भी आरक्षण यात्रियों ने निरस्त कराए हैं। इसके लिए रेलवे ने यात्रियों को 52030 रुपये वापस किए हैं। इसके साथ ही अब जम्मू और पंजाब की दिशा में जाने वाली ट्रेनों में आरक्षण के लिए लोग टिकट काउंटर पर पहुंचना बंद हो गए हैं।
मुरादाबाद रेल मंडल के वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक आदित्य गुप्ता का कहना है कि भारत-पाकिस्तान के बीच चल रही स्थिति को देखते हुए लोग यात्रा करने से परहेज कर रहे हैं। पंजाब और जम्मू की दिशा में जाने वाले लोग आरक्षण निरस्त करा रहे हैं, जिससे ट्रेनों में यात्रियों की संख्या कम हो रही है।