गढ़मुक्तेश्वर। नगर में स्मार्ट प्रीपेड बिजली मीटर उपभोक्ताओं के लिए राहत के बजाय परेशानी का कारण बनते जा रहे हैं। गलत बिलिंग, अचानक बिजली कटौती और भुगतान के बाद भी समय पर आपूर्ति बहाल न होने जैसी समस्याएं लगातार सामने आ रहीं हैं। गर्मी में लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है।
नगर निवासी राजू ने जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि उन्होंने करीब चार माह पहले अपने घर पर सोलर पैनल लगवाया था, जिसके बाद उनका पुराना मीटर बदलकर स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगा दिया गया। आरोप है कि तभी से उनके बिजली बिल में गड़बड़ी शुरू हो गई। पिछले चार महीनों से लगातार गलत बिल आ रहा है, जिसे उन्होंने मजबूरी में जमा भी किया।
पीड़ित का कहना है कि बृहस्पतिवार को अचानक उनके घर की बिजली काट दी गई। बिजली बहाल कराने के लिए उन्होंने पहले दो हजार रुपये जमा किए, लेकिन इसके बावजूद सप्लाई चालू नहीं हुई। बाद में जब प्रीपेड मीटर में पांच हजार रुपये और जमा किए गए, तब जाकर करीब तीन घंटे बाद बिजली आई।
इसी तरह होमेंद्र समेत अन्य उपभोक्ताओं ने भी स्मार्ट मीटर में आ रही गड़बड़ियों की शिकायत की है। उनका कहना है कि बिना स्पष्ट जानकारी के बैलेंस कटता रहता है और अचानक बिजली बंद हो जाती है, जिससे रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि विभागीय स्तर पर शिकायतों का समय पर समाधान नहीं किया जा रहा, जिससे उन्हें ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने को मजबूर होना पड़ रहा है। लोगों ने मांग की है कि स्मार्ट मीटर प्रणाली में सुधार कर पारदर्शी बिलिंग और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि गर्मी के मौसम में राहत मिल सके।
एक्सईएन सूर्यउदय कुमार का कहना है कि मोबाइल एप पर स्मार्ट मीटर में प्रयोग होने वाली बिजली का पूरा विवरण है। साथ ही यदि कोई ऐसी समस्या है तो कार्यालय में शिकायत दर्ज कराएं, टीम को भेजकर समाधान कराया जाएगा।