पिलखुवा। मोहल्ला अशोकनगर में गर्भवती महिला की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। परिजनों के मना करने के बावजूद भी पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
मोहल्ला अशोकनगर शेरों वाली गली निवासी दीपक कुमार रिलायंस रोड स्थित एक फैक्टरी में नौकरी करता है। उसकी पत्नी काजल (28) गर्भवती थी। पिछले एक सप्ताह से वह पत्नी काजल को लेकर रिलायंस रोड स्थित मकान में किराए पर लेकर रह रहा था। रविवार की देररात दीपक पत्नी को लेकर सीएचसी पहुंचा, जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सीओ जितेंद्र कुमार शर्मा का कहना है कि मृतका गर्भवती थी। शरीर पर चोट का कोई निशान नहीं था। मृतका का पति शराब पीने का आदी है। जिसको लेकर दोनों में अकसर विवाद होता रहता था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के सही कारण का पता चल पाएगा।