हापुड़। बिजनेस प्लान में स्वीकृत कार्य को पूरा कराने के लिए बृहस्पतिवार और शुक्रवार को पांच-पांच घंटे के लिए विद्युत आपूर्ति बंद रहेगी। दिल्ली रोड बिजली घर से जुड़े छह से अधिक मोहल्लों के छह हजार उपभोक्ताओं को परेशानी झेलनी पड़ेगी।
अधिशासी अभियंता सचिन द्विवेदी ने बताया कि बिजनेस प्लान के अंतर्गत 14 और 15 मई को सुबह छह से 11 बजे तक दिल्ली रोड बिजली घर के 33 केवी उपकेंद्र से जुड़े फीडर नंबर छह के क्षेत्रों में कार्य कराया जाएगा। तारों पर पड़े पेड़ों की कटाई-छंटाई और अन्य कार्य कराए जाएंगे। इस कारण मोहल्ला मोती कॉलोनी, इंद्रगढ़ी, फूलगढ़ी, निवाजीपुरा, महताबगढ़ी, तगासराय, आवास विकास, मजीदपुरा की गली नंबर पांच व सात आदि मोहल्लों में विद्युत आपूर्ति बंद रहेगी। उन्होंने बताया कि तय समय सीमा में कार्य पूरा कराया जाएगा। यदि प्रस्तावित कार्य में बदलाव होता है तो आपूर्ति शेड्यूल के अनुसार सुचारू रहेगी।