मतदान के दौरान एडीजे/आईजी अजय आनंद ने हापुड़ जिले में मतदान केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था की जांच की। साथ ही डीआईजी केएस इमेनुअल व अन्य पुलिस अधिकारी भी सतर्क रहे। सकुशल मतदान संपन्न होने पर स्थानीय अधिकारियों ने राहत की सांस ली।
शनिवार को हापुड़, गढ़ और धौलाना विधानसभा सीट पर मतदान हुआ। मतदान शुरू होते ही बड़ी संख्या में वोटर बूथों पर पहुंचने लगे। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारी भी सतर्क हो गए।
मतदान केंद्रों के आसपास सुरक्षा की दृष्टि से 200 मीटर के भीतर मतदाता के अलावा किसी भी व्यक्ति को नहीं जाने दिया गया। साथ ही बूथ पर मौजूद पोलिंग एजेंट के फोन पर भी रोक रही।
सुरक्षा की दृष्टि से एडीजे/ आईजी जोन मेरठ अजय आनंद व डीआईजी केएस इमेनुअल भी हापुड़ पहुंचे। इस दौरान कुछ मतदान केंद्रों पर जमा भीड़ को भी पुलिस अधिकारियों ने माइक के माध्यम से हट जाने की हिदायत दी।
डीएम अनिल ढींगरा व एसपी अलंकृता सिंह भी मतदान केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था की पड़ताल करते रहे। सकुशल मतदान संपन्न होने पर स्थानीय अधिकारियों ने राहत की सांस ली।
हालांकि मतदान के बाद हार जीत के चर्चों के बीच विवाद की आशंका को लेकर भी पुलिस को अलर्ट रहने की हिदायत दी गई है।
एसपी अलंकृता सिंह ने बताया कि जिले में मतदान शांतिपूर्ण संपन्न हुआ। मतदान के बाद लोगों के बीच हार जीत के आंकड़ों में होने वाले विवाद रोकने के लिए भी पुलिस गश्त करेगी।