हापुड़। थाना बहादुरगढ़ पुलिस ने जिले के कई थाना क्षेत्रों में बंद मकानों, दुकानों व नलकूपों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक बाल अपचारी भी शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गहने, फ्रीज, वाशिंग मशीन, बैटरी, एलईडी टीवी, नलकूपों की मोटर, स्टार्टर व घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की बाइक व स्कूटी बरामद की है।
एएसपी विनीत भटनागर ने बताया कि थाना प्रभारी निरीक्षक धीरज मलिक व उनकी टीम ने प्रिंस निवासी गांव करीमपुर, जीशान निवासी गांव नगला बड़ थाना बहादुरगढ़, फैसल उर्फ हसन, अय्यूब व अंजार निवासी गांव वैट थाना सिंभावली और एक बाल अपचारी को लुहारी खेड़ा तिराहे से करीमपुर जाने वाले कच्चे रास्ते से गिरफ्तार किया। आरोपियों ने जिले के थाना बहादुरगढ़, गढ़मुक्तेश्वर, सिंभावली व बाबूगढ़ थाना क्षेत्रों में करीब छह चोरी की घटनाओं को स्वीकार किया है। आरोपी शातिर किस्म के अपराधी हैं। एएसपी ने बताया कि थाना बहादुरगढ़, गढ़मुक्तेश्वर, सिंभावली व बाबूगढ़ में आरोपी प्रिंस पर नौ, फैसल उर्फ हसन पर सात, अय्यूब पर 14, अंजार पर छह, जीशान पर आठ मुकदमे दर्ज हैं।
-