गढ़मुक्तेश्वर। समरीन हत्याकांड में पुलिस ने पति, ससुर और एक अन्य को शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया। यहां से तीनों को जेल भेज दिया गया। समरीन की लाश 10 मार्च को कोतवाली क्षेत्र के फुलड़ी गांव में गन्ने के एक खेत से मिली थी। पुलिस की जांच में सामने आया है कि समरीन के पति आकिब ने होटल खोलने के लिए पांच लाख रुपये की मांग की थी।
सीओ स्तुुति सिंह ने बताया कि पिलखुवा निवासी 23 वर्षीय समरीन ने करीब दो माह पहले प्रेम प्रसंग के चलते आकिब पुत्र अनीस से विवाह किया था। विवाह के बाद दोनों के बीच दहेज और पैसों को लेकर अक्सर विवाद होता रहता था। परिजनों का आरोप है कि आकिब अपने एक साथी के साथ होटल खोलने की योजना बना रहा था।
इसके लिए वह पत्नी पर मायके से पांच लाख रुपये लाने का दबाव बना रहा था। रुपये न लाने पर पति ने अपने साथी आकिब पुत्र महबूब निवासी ब्राह्मणों की चौपाल, सिंघावली, जनपद बागपत के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। योजना के तहत पति आकिब समरीन को ऑटो से घुमाने के बहाने पिलखुवा से लेकर निकला।
रास्ते में वह बहादुरगढ़ में रिश्तेदारी में रुका और वहां से अपने साथी को भी साथ ले लिया। इसके बाद तीनों गांव फुलड़ी के जंगल में पहुंचे, जहां मौका देखकर आकिब और उसके साथी ने समरीन पर चाकू से हमला कर उनकी हत्या कर दी। शव को वहीं फेंककर फरार हो गए। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने साक्ष्य जुटाते हुए पति और उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया। दहेज उत्पीडऩ और हत्या के आरोप में ससुर अनीस को भी बागपत से गिरफ्तार किया गया है।
सीओ स्तुति सिंह ने बताया कि तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले में अन्य साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।