पिलखुवा में आतंकवादी टुंडा के घर पर पूछताछ करती पुलिस। संवाद
पिलखुवा। सोमवार शाम दिल्ली में हुए बम विस्फोट के बाद मंगलवार को पुलिस जेल में बंद आतंकी अब्दुल करीम टुंडा के साढू के घर पहुंची। पुलिस यहां से पूछताछ करने के बाद लौट गई।
मंगलवार को अफवाह उड़ी कि एटीएस ने पिलखुवा में कहीं छापा मारा है। इसके बाद स्थानीय पुलिस आतंकी टुंडा के अशोकनगर स्थित घर पर पहुंची। घर पर साढू महमूद आलम, उनकी पत्नी ताहिरा और परिवार के अन्य लोग मौजूद थे। पुलिस ने परिवार के सदस्यों से पूछताछ की। इस दौरान पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक श्योपाल सिंह ने बताया कि एटीएस के छापा मारने की कोई जानकारी नहीं है, कार्रवाई केवल सूचना पर आधारित थी। पुलिस परिवार के पुराने रिकॉर्ड और नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।