फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जाम का इंतजाम करेगा पुलिस प्लान

Mon, 25 Jul 2016 12:30 AM IST
ब्यूरो,अमर उजाला हापुड़।
विज्ञापन
अन्य - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
कांवड़ यात्रा के दौरान सफर सुहाना रखने का प्लान पुलिस ने तैयार कर लिया है। जाम में कांवड़ियों को जाम से बचाने के लिए प्लान तैयार कर लिया गया है। 27 जुलाई से जिले में वाहनों का रूट डायवर्जन कर दिया जाएगा।
विज्ञापन


शिवरात्रि का पर्व नजदीक आने के साथ ही पुलिस भी तैयारी में जुटी गई है। तीन-चार दिनों में बड़ी संख्या में कांवड़ियों का आना शुरू हो जाएगा। इसके लिए यातायात पुलिस ने तैयारी पूरी कर ली हैं। कांवड़ियों की सुरक्षा के साथ ही उनके जाम में न फंसने का पूरा ध्यान रखा जायेगा।

27 जुलाई  से वाहनों का रूट डायवर्जन कर दिया जायेगा। सड़क के आधे हिस्से में कावड़ियों के निकलने के लिए रास्ता बनाया जायेगा। इस दौरान मेरठ रोड के भारी वाहनों को तिराहे पर ही रोक लिया जाएगा।
विज्ञापन


सीओ यातायात विशाल यादव ने बताया कि कांवड़ यात्रा को लेकर सभी तैयारी पूरी कर ली गई है। यातायात पुलिसकर्मी मोबाइल रहेंगे। कांवड़ यात्रा को हर हाल में शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराया जाएगा।

हल्के वाहनों के लिए रूट डायवर्जन (हापुड़ सर्किल)
-  साइलो द्वितीय चौकी से बुलंशहर रोड पर बाईपास तक बाई पटरी पर केवल कांवड़िए चलेंगे।
- साइलो द्वितीय से बुलंदशहर व गाजियाबाद/दिल्ली की तरफ को जाने वाले चार पहिया वाहन मेरठ तिराहे से निजामपुर तिराहा होते हुए सोना पेट्रोल पंप से होकर जायेंगे।
- बुलंदशहर से मेरठ की ओर जाने वाले चार पहिया वाहन सोना पेट्रोल पंप से निजामपुर तिराहा होकर मेरठ तिराहे से जायेंगे।
- बुलंदशहर रोड पर सोना पेट्रोल पंप से तहसील चौपला तक केवल दो पहिया वाहन ही चलेंगे।
- ततारपुर से तहसील चौपला तक केवल दो पहिया वाहन ही चलेंगे।
- ततारपुर से तहसील चौपला की तरफ आने वाले चार पहिया वाहन एनएच 24 बाईपास से निजामपुर तिराहे से दिल्ली/मेरठ की ओर जायेंगे।

हल्के वाहनों के रूट डायवर्जन (गढ़मुक्तेश्वर सर्किल)
- किठौर नहर से डिबाई नहर तक वाहनों का आवागमन बंद रहेगा। यह ट्रैफिक किठौर, नानपुर, गढ़ से होते हुए एनएच 24 पर जायेगा।
- स्याना चौपला से गढ़ कस्बे के अंदर होते हुए मेरठ जाने वाले ट्रैफिक को भीड़ होने पर हापुड़ होते हुए मेरठ भेजा जायेगा।
- पलवाड़ा रूट पर एनएच-24 से पलवाड़ा की ओर जाने वाला ट्रैफिक पूर्ण बंद रहेगा। यह ट्रैफिक स्याना चौपला से बहादुरगढ़ की तरफ जायेगा।

हल्के वाहनों के रूट डायवर्जन (पिलखुवा सर्किल)
- मोदीनगर राज चौपला से होते हुए छिजारसी (पिलखुवा) मार्ग पर केवल कांवड़िए चलेंगे। यहां चार पहिया वाहन प्रतिबंधित रहेंगे।

सावन के पहले सोमवार को मंदिरों में उमड़ेगी भीड़
सावन पहले सोमवार को मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमडे़ेगी। सुबह से ही प्रमुख मंदिरों में भक्तों की लंबी लाइन लगनी शुरू हो जाएंगी। श्रद्धालु उपवास रखकर शिवालयों में जलाभिषेक करेंगे। पुलिस प्रशासन ने भी पहले सोमवार को सुरक्षा के इंतजाम कर लिए हैं। प्रमुख मंदिरों के आसपास सुबह से ही पुलिस तैनात रहेगी।

सावन के पहले सोमवार को शिवालयों में हजारों की संख्या में शिवभक्त भगवान आशुतोष का जलाभिषेक करते हैं। मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ होने के कारण पुलिस और प्रशासन की सबसे बड़ी चुनौती व्यवस्था बनाना है।

सोमवार को ही काफी संख्या में शिवभक्त गंगा से जल लेने के लिये निकलेंगे। शिवालयों में सावन के पहले सोमवार की तैयारी पूरी कर ली हैं। श्रद्धालुओं को परेशान नहीं होने दिया जाएगा।

सबली मंदिर समिति के बिजेन्द्र त्यागी, गजेन्द्र त्यागी, शिवकुमार त्यागी ने बताया कि सावन के सोमवारों को बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा अर्चना करने के लिए मंदिर में आते हैं। एसएचओ वीरेन्द्र सिंह यादव ने बताया कि सोमवार को शहर के प्राचीन सबली महादेव मंदिर, श्री चंडी मंदिर, बाबा बख्तावरनाथ मंदिर, देवलोक कालोनी के शिव मंदिर सहित तमाम मंदिरों पर सुरक्षा चाक-चौबंद रखी जायेगी।

गढमुक्तेश्वर में रविवार देर शाम तक हजारों शिवभक्तों का आवागमन जारी रहा। जनपद अमरोहा, मुरादाबाद, संभल, बिजनौर, रामपुर, बरेली से सावन के हर सोमवार को भगवान आशुतोष का जलाभिषेक करने के लिए श्रद्धालु आते हैं।

कांवड़ लेने आ रहे शिवभक्तों का ब्रजघाट तीर्थनगरी में तांता लगा रहा। रविवार की देर शाम तक 20 हजार से भी अधिक श्रद्धालुओं ने जल भरा। डीएसपी सतीश चंद्र पांडेय ने बताया कि इस बार हाईवे पर कांवड़ियों के नए शिविर नहीं लगने दिए जाएंगे।

डीजे पर भी पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। कांवड़ियों के वाहनों के लिए ब्रजघाट में पलवाड़ा मार्ग पर पार्किंग की व्यवस्था कराई जाएगी। एसडीएम शमशाद हुसैन ने बताया कि इस बार कांवड़ियों की संख्या ज्यादा रहने का अनुमान है।
खास चौकसी से जुड़े पहलू-

- अंतिम दो सोमवार को रहेगी सतर्कता।
- महिला कांवड़ियों की कड़ी सुरक्षा होगी।
- सेवा शिविरों में भोजन और खाद्य सामग्री की जांच पड़ताल होगी।
- हाईवे के अवैध कटों पर पुलिस तैनात रहेगी।
-  हाईवे पर डीजे बजाना, मीट और शराब की दुकानें बंद रहेंगी।
- कांवड़ मार्ग पर पेड़ों पर भी रहेगी खाकी की नजर।
- मंदिरों के साथ ही मिश्रित आबादी वाले गांवों के आसपास भी सुरक्षा रहेगी।
- धारा 144 के उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई होगी।
- ब्रजघाट पहुंचने और वहां से निकलने वाले कांवड़ियों की भी गिनती होगी।
- हाईवे पर सड़क की साइड से हटाकर ही सेवा शिविर लगाए जाएंगे।

आपातकाल के लिए ट्रैफिक डायवर्जन
-  एनएच- 24 पर (पिलखुवा) समस्या आने पर वाहन मसूरी से सपनावत बुलंदशहर रोड पर डायवर्ट किये जायेंगे, पिलखुवा से धौलाना, सपनावत होकर बुलंदशहर होकर ट्रैफिक डायवर्ट होगा।
- एनएच 24 पर परेशानी होने पर हापुड़ से हाफिजपुर बुलंदशहर रोड पर वाहन डायवर्ट होंगे। कुचेसर से बुलंदशहर रोड पर ट्रैफिक डायवर्ट रहेगा।
- गढ़ क्षेत्र में कोई समस्या होने पर स्याना चौपला से बहादुरगढ़ स्याना बुलंदशहर की तरफ वाहन डायवर्ट होंगे।
-  मेरठ-गढ़ रोड पर समस्या होने पर गढ़ से हापुड़ होकर वाहन भेजे जायेंगे, मेरठ किठौर, साइलो द्वितीय, हापुड़ नगर से होकर ट्रैफिक गढ़ भेजा जायेगा।

हरिद्वार रवाना हुये कावड़ियों के जत्थे  
 हरिद्वार से जल लाने के लिए कांवड़ियों का ऐसा सैलाब उमड़ा कि प्राइवेट बसों के संचालन के बावजूद परिवहन निगम की सारी व्यवस्थाएं ध्वस्त हो गयी। भगवा रंग में रंगे कांविड़यों की भारी संख्या ने सुबह से ही हरिद्वार की ओर कूच करना शुरू कर दिया। बसों की कमी के कारण कांवड़ियों को छतों पर बैठकर जाना पड़ा। इस स्थिति से निपटने के लिए रोडवेज अतिरिक्त बसें लगाने की बात कह रहा है।

इस बार भी सावन माह की शुरूआत से ही शिव भक्तों में गजब का उत्साह था। पिछले कई दिन से गौमुख और हरिद्वार से जल लाने के लिए कांवड़ियों का जाना जारी है। रविवार को भारी संख्या में कांवड़ियों ने हरिद्वार के लिए कूच किया।

सुबह से ही कांवड़ियों के जत्थे बस स्टैंड पर जमा होने शुरू हो गए। रोडवेज ने कांवड़ियों की भारी भीड़ को देखते हुए पहले ही 50 बसें हरिद्वार के लिए लगा रखी हैं। कांवड़ियों की संख्या को देखते हुए यह व्यवस्था कम पड़ गयी।

बसें खचाखच भरी हैं और छतों पर भी कांवड़ियों का कब्जा है। परिवहन को लेकर कांवड़ियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। बसों की कमी के कारण कांवड़ियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।  

सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक एनपी सिंह ने बताया कि कांवड़ियों को किसी प्रकार की दिक्कत न हो इसके लिए कुछ लंबे रूट की बसों को हरिद्वार मार्ग पर लगाया जाएगा।

एनएच 58 का ट्रैफिक हापुड़ से गुजरने पर झेलना होगा जाम
 कांवड़ यात्रा के लिए एनएच 58 पर रविवार शाम से भारी वाहनों का प्रवेश बंद कर दिया गया। इस हाईवे से निकलने वाले वाहनों को वाया हापुड़ से मेरठ के रास्ते निकाला गया। सोमवार को सड़कों पर वाहनों का अधिक दबाव होने से जाम की आशंका बनी हुई है।

हालांकि यातायात पुलिस का दावा है कि इंतजाम कर लिये गए हैं, जाम नहीं लगने दिया जाएगा।दिल्ली से हरिद्वार वाला एनएच 58 इन दिनों भगवा रंग से रंगा है। कांवड़ियों की सुरक्षा के चलते प्रशासन ने एनएच-58 से निकलने वाले भारी वाहनों का रूट हापुड़ होकर मेरठ कर दिया है। रविवार को छुट्टी होने से रूट डायवर्जन के कारण शहर में जाम की स्थिति तो नहीं बनी। सोमवार को शहर में भीषण जाम लगने की आशंका है।

दिल्ली से हरिद्वार की ओर जाने वाले वाहन गाजियाबाद के रास्ते पिलखुवा, हापुड़, मेरठ होते हुए हरिद्वार के लिए निकलेंगे। जिसके चलते शहर के मेरठ तिराहे पर जाम लगने की संभावना है।

सीओ सिटी/ट्रैफिक विशाल यादव का कहना है कि एनएच-58 के वाहनों को लेकर यातायात पुलिस को निर्देशित किया है कि वह चौराहे पर जाम न लगने दें। यदि वाहनों का अधिक दबाव बढ़ता है तो हालात के अनुसार उससे निपटने की रूपरेखा बनाई जाएगी।

दूरदराज के गांवों के शिवभक्तों को कराना होगा पंजीकरण

 सिंभावली पुलिस ने शराब की दुकानों, डीजे, होटल संचालकों को नोटिस जारी किया है। साथ ही दूर-दराज के गांवों से कांवड़ लेकर जाने वालों शिवभक्तों को थाने में पंजीकरण कराना अनिवार्य कर दिया है।

बता दें कि कांवड़ यात्रा के मद्देनजर पुलिस हाईवे समेत संपर्क मार्गों पर भी सतर्कता बरत रही है। 26 जुलाई से 2 अगस्त तक क्षेत्र में मीट, मछली, अंडों की बिक्री पर प्रतिबंध लगा दिया है।

वहीं, क्षेत्र के गांवों से बाहरी स्थानों से कांवड़ लेने जाने वाले शिवभक्तों को थाने में पंजीकरण कराना अनिवार्य हो गया है। सिंभावली एसओ एनके शर्मा का कहना है कि कांवड़ यात्रा के दौरान शिव भक्तों को परेशानी नहीं होने दी जाएगी।

हाईवे समेत उससे जुड़े सभी संपर्क मार्गों पर शराब की दुकानों, डीजे समेत होटल संचालकों को नोटिस जारी कर दिए गए हैं।
- हाईवे पर सघन चेकिंग अभियान

सिंभावली पुलिस ने रविवार को हाईवे पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। एसओ ने बताया कि इस दौरान हाईवे से होकर जा रही एक इनोवा कार पर वीआईपी लिखा हुआ था। लेकिन इससे संबंधित कोई दस्तावेज न मिलने पर पुलिस ने कार का चालान काट दिया।

शिवभक्तों की आस्था पर महंगाई पर रही भारी

 इस बार कांवड़ यात्रा पर भी महंगाई की मार पड़ गई है। कांवड़, किराया, भोजन और भगवा कपड़ों समेत हर चीज के दाम दोगुने हो गए हैं। इसके चलते आर्थिक रूप से कमजोर शिवभक्तों का बजट गड़बड़ा गया है।

सावन मास में शिवभक्तों के जोश पर महंगाई पानी फेर रही है। कांवड़ से लेकर भगवा वस्त्र, किराया और भोजन समेत सभी चीजों के रेट दोगुने हो गए हैं। इसके चलते भक्तों का बजट बिगड़ रहा है।

हालांकि कांवड़ लेकर शिवभक्त पदयात्रा करते हुए अपने गंतव्य पर लौटते हैं लेकिन जिस तीर्थस्थल से वे कांवड़ उठाते हैं वहां तक उन्हें बस, ट्रेन, टेंपो, ट्रक जैसे वाहनों में सवार होना पड़ता है।

इसके अलावा भगवा वस्त्र, रात्रि विश्राम, भोजन और कांवड़ खरीदकर उसे आकर्षक ढंग में सजाने संवारने की होड़ भी शिवभक्तों के सिर चढ़कर बोलती है। विनोद पंडित गुरुजी, अतुल त्यागी, प्रदीप सैनी का कहना है कि महंगाई के इस दौर में कांवड़ लाने का खर्च भी तेजी से बढ़ गया है।

सामान        पुराना रेट        वर्तमान रेट
कांवड़     दो सौ              400
सजावट   100                 200
टी शर्ट     60                 100
कैपरी      60                 110
लोवर      200                350
डमरू      5                  10
कैप        40                 80
बैल्ट       30                 70
अंगोछा    25                 50
बनियान   40                 80
खिलौने    10                40
किराया, भोजन और रात्रि विश्राम से जुड़े कमरों के किराए में भी 25 से लेकर 30 फीसदी तक की बढ़ोतरी हुई है।

उत्तराखंड में बादल फटने से ब्रजघाट में बढ़ेगी भीड़

 अबकी सावन मास के शुरुआत में ही पहाड़ों में झमाझम बारिश और बादल फटने की घटना से शिवभक्त उत्तराखंड का रुख करने से कतरा रहे हैं। इसलिए इस बार ब्रजघाट गंगानगरी से शिवभक्तों की भीड़ बढ़नी तय है।

झमाझम बारिश और कई स्थानों पर बादल फटने की घटना से देवभूमि उत्तराखंड की नदियां उफान पर हैं। साथ ही भूस्खलन और पहाड़ों से मलबा गिरने का सिलसिला भी जारी है। इसके चलते इस बार ब्रजघाट गंगानगरी से कांवड़ उठाने वाले शिवभक्तों की संख्या में रिकार्ड बढ़ोत्तरी होगी।

एक सप्ताह के भीतर डीआईजी मेरठ के साथ ही मेरठ और हापुड़ के डीएम तथा पुलिस अधीक्षक की ब्रजघाट में बैठक हुई, जिसमें इस मुद्दे पर व्यापक चर्चा हुई है। यही वजह है कि इस बार शिवभक्तों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन ज्यादा सतर्क है।

डीएसपी सतीश चंद्र पांडेय का कहना है कि कांवड़ियों की सुरक्षा में लापरवाही नहीं होने दी जाएगी। ब्रजघाट गंगानगरी में शिवभक्तों की संख्या में बढ़ोतरी होने पर सुरक्षा चाक चौबंद रखा जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें