गढ़मुक्तेश्वर। खादर मेले में रिजर्व पुलिस लाइन और स्नान घाट बनाने का काम तेजी से चल रहा है। हालांकि, आने वाले दो दिन में मजदूर दिवाली मनाने के लिए घर चल जाएंगे। इसके बाद काम में कुछ रुकावट आएगी। शुक्रवार को डीएम अभिषेक पांडेय ने मेला स्थल पर ठेकेदारों के साथ बैठक कर समय से पहले काम पूरा करने के निर्देश दिए।
शुक्रवार को डीएम अभिषेक पांडेय ने मेला स्थल पर पहुंचकर निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने ठेकेदारों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि सभी ठेकेदार मानक के अनुरूप काम करें। ताकि, श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा में कोई खामी न रहे। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की लापरवाही बरतने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। ठेकेदारों ने बताया कि दिवाली पर मजदूर अपने घर चले जाऐंगे, लेकिन त्योहार के बाद काम में और तेजी आएगी। डीएम ने कहा कि त्योहारों के बाद श्रद्धालुओं का आगमन शुरू हो जाएगा। इसलिए उससे पहले सभी काम पूरा हो जाना चाहिए। उन्होंने अस्थायी पुलिस लाइन और स्नान घाटों का समय से पहले काम पूरा करने के निर्देश दिए। जिला पंचायत के अधिकारी ने बताया कि अस्थायी पुलिस लाइन की जमीन के तरफ टिन शेड लगाकर बैरिकेडिंग कराई जा रही हैं। वहीं, भूकटान होने पर गंगा किनारे बालू की जो ढांग बन गई थीं, उन्हें समतल कराकर मुख्य स्नानघाट तैयार कराया जा रहा है। वहीं, रेतीले टापू में बसने वाले मेरठ सेक्टर तक जाने के लिए अस्थायी पुलों का निर्माण कराया जा रहा है। कुलाबे दबवाकर कई अस्थाई पुल तैयार किए जा चुके हैं।