गढ़मुक्तेश्वर। बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र के गांव मोहम्मदपुर रुस्तमपुर में महिला की हत्या के मामले में पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। मंगलवार सुबह महिला का शव घर के कमरे में मिला था। मामले में पुलिस ने संदेह जताते हुए मृतका के पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मृृतका के भाई की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज करने के बाद पुलिस अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
इस संबंध में बुलंदशहर के बहांपुर भवन निवासी देवकांत शर्मा ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बहन की हत्या उसके पति राहुल शर्मा, उसकी प्रेमिका नेहा, ससुर विनोद और सास गायत्री ने मिलकर की है। आरोप है कि सभी ने मिलकर महिला पर धारदार हथियार से हमला किया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। साथ ही फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। प्रारंभिक जांच में हत्या का मामला प्रतीत होने पर पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
सीओ स्तुति सिंह ने बताया कि मृतका के पति राहुल शर्मा से हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अन्य आरोपियों की तलाश लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि विवेचना निष्पक्ष तरीके से की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर सच्चाई सामने आने के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।