गढ़मुक्तेश्वर। दिल्ली से चोरी हुई कार को चोर खराब होने पर गढ़ क्षेत्र में गैराज के बाहर छोड़ कर चले गए। पुलिस ने जीपीएस के माध्यम से कार को बरामद कर दिल्ली पुलिस को सूचना दे दी है।
बुधवार रात को गढ़ कोतवाली पुलिस क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि एक कार दिल्ली से चोरी हुई है, जिसे चोर गढ़ की तरफ लेकर आ रहे हैं। पुलिस ने कार में लगे जीपीएस के माध्यम से तलाश शुरू कर दी। तलाश के दौरान पुलिस टीम ने गैराज के बाहर से कार बरामद कर ली। इस दौरान गैराज मालिक को बुलाया गया, तो उसने बताया कि उनके पास एक अंजान नंबर से फोन आया था, युवक ने अपनी गाड़ी को खराब होने की बात कहते हुए गैराज पर आकर मरम्मत करने की बात कही, लेकिन देर रात होने पर उन्होंने मना कर दिया। जिसके बाद वह लोग कार को छोड़ कर चले गए। पुलिस ने कार को बरामद करते हुए दिल्ली पुलिस को मामले की जानकारी दी है। सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि जीपीएस के माध्यम से कार को बरामद कर लिया गया है। दिल्ली पुलिस को सूचित कर दिया गया है। कार मालिक के यहां विवाह समारोह है, जिसके बाद वह शुक्रवार को (आज) दिल्ली पुलिस के साथ गढ़ पहुंचेंगे।