पति को पुलिस ने दबोचा
- फोटो : अमर उजाला
कस्बे के एक मोहल्ले में दूसरा निकाह कर रहे युवक को पहली पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने दबोच लिया। पुलिस दोनों पक्षों को लेकर थाने पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने जांच कर नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।
दो साल पहले गाजियाबाद के अर्थला गांव की निवासी एक महिला का धौलाना के एक युवक से निकाह हुआ था। शादी के बाद उसको एक बच्चा भी है। किसी बात को लेकर पति पत्नी में विवाद हो गया और दोनों अलग रहने लगे।
इस दौरान पत्नी ने गाजियाबाद महिला थाने में पति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई, जिसकी सुनवाई चल रही है। शुक्रवार दोपहर उसको अपने पति का धौलाना में दूसरा निकाह होने की जानकारी मिली तो वह आग बबूला हो गई।
तुरंत अपने पिता के साथ पुलिस को लेकर धौलाना के शादी वाले मोहल्ले में पहुंची और जमकर हंगामा किया। पुलिस ने निकाह को रुकवा दिया और दोनों पक्षों के लोगों को लेकर थाने आ गई। थाने में दोनों पक्षों के लोगों की भीड़ जमा हो गई।
हंगामे के बाद में थाने में दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। आरोपी युवक का कहना है कि उनका आपस में विवाद सुलझ चुका है। समझौते के अनुसार सवा लाख रुपये भी पत्नी के खाते में जमा करा दिये थे।
उधर, पत्नी का कहना है कि नोटबंदी के दौरान उसके पति ने खाते में सवा लाख रुपये जमा कराये थे। अभी तक कोई समझौता नहीं हुआ है। कार्यवाहक एसओ गिरवर सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों से बातचीत कर मामले की जांच की जा रही है।