पिलखुवा। कोतवाली पुलिस ने चेकिंग के दौरान तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इनमें से दो आरोपी गैंगस्टर एक्ट में वांछित चल रहे थे। पुलिस ने इनके पास से जनपद गाजियाबाद से चोरी की गई स्कूटी, तीन तमंचे और तीन कारतूस बरामद किए हैं।
सीओ अनीता चौहान ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में एक आरोपी जनपद गाजियाबाद के थाना मुरादनगर क्षेत्र के आर्यनगर निवासी तालिब है, जो पहले भी पिलखुवा कोतवाली में अवैध असलहा और चोरी के मुकदमों में जेल जा चुका है।
दूसरा आरोपी क्षेत्र के गांव शाहपुर फगौता निवासी लोकेश है। उसपर लूट, चोरी, तमंचा और गैंगस्टर एक्ट जैसे कई संगीन मुकदमे दर्ज हैं। जबकि तीसरा आरोपी धर्मराज भी गांव शाहपुर फगौता का रहने वाला है। उस पर हत्या, अपहरण, धोखाधड़ी, गैंगस्टर एक्ट और असलहा रखने जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं।
सीओ ने बताया कि तीनों बदमाशों को पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया। तालिब को दिनेश नगर तिराहे से, लोकेश को हिंडालपुर कट से और धर्मराज को सीटीए कट के पास से गिरफ्तार किया गया।