हापुड़। हाफिजपुर थाना पुलिस ने चोरी की घटना में वांछित चल रहे दस हजार के इनामी बदमाश को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एसपी अभिषेक वर्मा ने बताया कि मंगलवार रात थाना हाफिजपुर प्रभारी निरीक्षक कैलाश चंद पुलिस टीम के साथ चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान उन्हें सूचना मिली कि दस हजार रुपये का इनामी बदमाश किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की साजिश रच रहा है। इसपर पुलिस टीम ने घुंघराला मार्ग पर चेकिंग शुरू कर दी। पुलिस को एक बाइक पर संदिग्ध युवक आता दिखाई दिया। रोकने पर बदमाश ने पुलिस पर फायरिंग कर दी और फरार होने का प्रयास किया। जवाबी फायरिंग में उसके पैर में गोली लग गई। जिससे बदमाश घायल हो गया। आरोपी की पहचान जिला मेरठ के थाना जानी के सिवाल खास निवासी वसीम के रूप में हुई है। कुछ दिन पहले थाना कपूरपुर क्षेत्र में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। उसकी गिरफ्तारी न पर उसपर दस हजार का इनाम घोषित किया था। आरोपी के खिलाफ विभिन्न जिलों के थानों में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।